कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में रचा जाएगा इतिहास, पांच लाख लोग एक साथ करेंगे गीता पाठ, बाबा रामदेव और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री होंगे शामिल
कार्यक्रम की अध्यक्षता आदि शंकराचार्य परंपरा के महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज करेंगे. मुख्य अतिथि के रूप में पद्मभूषण से सम्मानित साध्वी ऋतंभरा दीदी पधार रही हैं.
कोलकाता: सुबह पश्चिम बंगाल की राजधानी का ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड गीता-मंत्रों से गूंज उठेगा. सनातन संस्कृति संसद के बैनर तले आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में लगभग पांच लाख श्रद्धालु एक साथ भगवद्गीता के 700 श्लोकों का सामूहिक पाठ करेंगे. आयोजकों का दावा है कि स्वतंत्र भारत में यह अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक गीता पाठ होगा.
पिछले साल 24 दिसंबर 2023 को इसी मैदान में करीब एक लाख लोगों ने गीता पाठ किया था. इस बार आयोजन का आकार पांच गुना बढ़ गया है. सुबह 8 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में देश-विदेश से लाखों सनातनी एकत्र होंगे ताकि श्रीकृष्ण-अर्जुन संवाद की अमर वाणी को एक स्वर में गूंजाया जा सके.
प्रमुख संतों का जमावड़ा
कार्यक्रम की अध्यक्षता आदि शंकराचार्य परंपरा के महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज करेंगे. मुख्य अतिथि के रूप में पद्मभूषण से सम्मानित साध्वी ऋतंभरा दीदी पधार रही हैं. इसके अलावा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और योगगुरु स्वामी रामदेव भी मंच पर उपस्थित रहेंगे. कई अन्य प्रसिद्ध संत-महात्मा और गीता विद्वान भी शिरकत करेंगे.
सिर्फ पाठ नहीं, संदेश भी
आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आज के तनावग्रस्त समाज को गीता के सार्वभौमिक संदेश से जोड़ने का प्रयास है. कर्मयोग, भक्तियोग, ज्ञानयोग और जीवन की हर परिस्थिति में संतुलन बनाए रखने की सीख को आमजन तक पहुंचाना इसका मूल उद्देश्य है.
पूरे मैदान को 25 से अधिक सेक्टरों में बांटा गया है. विशाल एलईडी स्क्रीन, ध्वनि व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाएं पहले से तैनात कर दी गई हैं. कोलकाता पुलिस और स्वयंसेवी संगठनों ने सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारी की है. मेट्रो और बस सेवाओं को भी रविवार को विशेष रूप से बढ़ाया गया है ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु आसानी से पहुंच सकें.