'कोई बना रहा डोसा तो कोई...', भारतीय वोटर्स को रिझाने में जुटे अमेरिकी चुनावी उम्मीदवार

अमेरिका में मिडटर्म चुनाव से पहले भारतीय-अमेरिकी वोटर्स को अपने पक्ष में करने की कोशिश तेज हो गई है. टेक्सास में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जेम्स टालारिको ने भारतीय रेस्तरां में डोसा बनाकर लोगों से जुड़ने की कोशिश की.

@npunwani and @RepGregLandsman X Account
Km Jaya

अमेरिका में मिडटर्म चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. चुनाव में जीत हासिल करने के लिए उम्मीदवार भारतीय-अमेरिकी वोटर्स को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटे हैं. इसके लिए नेता सिर्फ रैलियों और भाषणों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं से सीधे जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं. कोई भारतीय रेस्तरां में डोसा बना रहा है, तो कोई मंदिर पहुंचकर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहा है.

टेक्सास में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जेम्स टालारिको का डोसा बनाते हुए वीडियो और तस्वीरें चर्चा में हैं. वह डलास के पास इरविंग स्थित एक भारतीय रेस्तरां पहुंचे. यह इलाका भारतीय मूल के लोगों की बड़ी आबादी के लिए जाना जाता है. टालारिको ने काला सूट और सफेद शर्ट पहनकर गर्म तवे पर डोसे का बैटर डाला और उसे फैलाया. इसके बाद उन्होंने उसमें मसालेदार आलू की फिलिंग भरी और डोसे को मोड़कर केले के पत्ते पर परोसा.

कुछ लोगों ने किया पसंद 

टालारिको के इस अंदाज को भारतीय-अमेरिकी समुदाय के कुछ लोगों ने पसंद किया. वह टेक्सास की सीनेट सीट के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन को चुनौती दे रहे हैं. टेक्सास को रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है. ऐसे में भारतीय-अमेरिकी वोटर्स तक पहुंच बनाने की कोशिश को चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है.


जेम्स ब्लंट ने की तारीफ

टेक्सास के कारोबारी जेम्स ब्लंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टालारिको के डोसा बनाने की तारीफ की. उन्होंने भारतीयों और भारतीय खाने को लेकर रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े कुछ लोगों की टिप्पणियों का भी जिक्र किया. ब्लंट ने कहा कि जहां एक पार्टी लोगों के बीच बंटवारा बढ़ा रही है, वहीं दूसरी भारतीय चावल से बने डोसे परोस रही है.

भारतीय-अमेरिकी वोटर्स को साधने के लिए दूसरे राज्यों में भी नेता भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं. कनेक्टिकट के गवर्नर नेड लैमॉन्ट राज्य की राजधानी में आयोजित दिवाली समारोह में पहुंचे. उनके साथ डिप्टी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट जेनिफर बाराहोना भी मौजूद थीं.

दिवाली समारोह में लिया हिस्सा 

ओहायो के कांग्रेसमैन ग्रेग लैंड्समैन शेरॉनविल स्थित BAPS स्वामीनारायण मंदिर के 11वें पाटोत्सव में शामिल हुए. न्यू जर्सी के सीनेटर कोरी बुकर ने अक्षरधाम मंदिर में आयोजित दिवाली समारोह में हिस्सा लिया. वहीं, कांग्रेसमैन रैंडी फाइन और स्कॉट पेरी पेंसिल्वेनिया के हैरिसबर्ग स्थित एक मंदिर पहुंचे. मिशिगन के कांग्रेसमैन जॉन जेम्स ने भी स्वामीनारायण मंदिर का दौरा किया.

भारतीय-अमेरिकी समुदाय की आबादी कैलिफोर्निया, टेक्सास, न्यू जर्सी, न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन, इलिनॉय, पेंसिल्वेनिया और जॉर्जिया जैसे राज्यों में काफी महत्वपूर्ण है. जॉर्जिया, पेंसिल्वेनिया, मिशिगन और नॉर्थ कैरोलिना जैसे राज्यों में मुकाबला करीबी होने की स्थिति में इस समुदाय के वोट चुनावी नतीजों पर असर डाल सकते हैं. यही वजह है कि अमेरिकी उम्मीदवार भारतीय संस्कृति, त्योहारों और समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए वोटर्स के करीब पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.