Tamil Nadu Assembly Election 2026

करोड़ों के मालिक हैं असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा, एफिडेवट में किया अपनी संपत्ति का खुलासा

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा और उनकी पत्नी की कुल संपत्ति 35.16 करोड़ रुपये सामने आई है. नामांकन एफिडेविट में नकदी, बैंक जमा, निवेश और कर्ज से जुड़ी पूरी जानकारी दी गई.

pinterest
Sagar Bhardwaj

Himanta Biswa Sarma Net Worth:  असम विधानसभा चुनाव के बीच मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने जालुकबारी सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. इस दौरान प्रस्तुत किए गए एफिडेविट में उनकी और उनकी पत्नी रिनिकी भुयान सरमा की संपत्ति का विस्तृत ब्यौरा सामने आया है. आंकड़ों के मुताबिक, दोनों की कुल संपत्ति 35.16 करोड़ रुपये है. इसमें नकद, बैंक जमा, निवेश और अचल संपत्तियां शामिल हैं. इस खुलासे के बाद उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है.

35.16 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं सरमा

एफिडेविट के अनुसार, मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी की संयुक्त संपत्ति 35.16 करोड़ रुपये दर्ज की गई है. इसमें चल और अचल दोनों प्रकार की संपत्तियां शामिल हैं. यह जानकारी चुनावी प्रक्रिया के तहत सार्वजनिक की गई है, जिससे मतदाता उम्मीदवार की वित्तीय स्थिति को समझ सकें.

2.28 लाख का कैश, बैंक में 68 लाख

दस्तावेजों में बताया गया है कि मुख्यमंत्री के पास 2.28 लाख रुपये नकद हैं और चार बैंकों में 68 लाख से अधिक जमा हैं. वहीं उनकी पत्नी के पास 3.16 लाख रुपये नकद और करीब 74.85 लाख रुपये बैंक खातों में जमा हैं. निवेश के मामले में मुख्यमंत्री ने कोई विवरण नहीं दिया, जबकि उनकी पत्नी ने शेयर और अन्य माध्यमों में 5.10 करोड़ रुपये का निवेश बताया है.

पत्नी के पास कितनी संपत्ति

रिनिकी भुयान सरमा एक मीडिया कंपनी की प्रबंध निदेशक हैं और उनके पास बड़ी संपत्ति है. एफिडेविट के मुताबिक, उनके पास 13.54 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 19.25 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. इनमें खरीदी गई और विरासत में मिली संपत्तियां दोनों शामिल हैं.

सरमा पर 95 लाख रुपए का कर्ज

एफिडेविट में यह भी सामने आया कि मुख्यमंत्री पर 95 लाख रुपये का कर्ज है, जबकि उनकी पत्नी पर 15.91 करोड़ रुपये का बैंक कर्ज है. पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री की संपत्ति 1.72 करोड़ से बढ़कर 2.36 करोड़ रुपये हो गई है, जो उनकी आय में बढ़ोतरी को दर्शाता है.