menu-icon
India Daily

हिमंत सरमा सबसे भ्रष्ट सीएम, अमित शाह के कहने पर चलते हैं... गुवाहाटी में झड़प और FIR के बाद बोले राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी का ये बयान गुवाहाटी में पुलिस के साथ झड़प और फिर उन समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के एक दिन बाद आया है.

Naresh Chaudhary
हिमंत सरमा सबसे भ्रष्ट सीएम, अमित शाह के कहने पर चलते हैं... गुवाहाटी में झड़प और FIR के बाद बोले राहुल गांधी

हाइलाइट्स

  • 14 जनवरी को मणिपुर के थौबल से शुरू हुई थी भारत जोड़ो न्याय यात्रा
  • गुवाहाटी में एंट्री पर असम पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हुई थी झड़प

Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra: असम में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय पुलिस कर्मियों के बीच झड़प हो गई. गुवाहाटी में एंट्री को लेकर खड़ा हुआ ये विवाद अब बढ़ता जा रहा है. उधर असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के आदेश पर असम पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल समेत कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम के सीएम पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि असम के सीएम सबसे भ्रष्ट सीएम हैं. अमित शाह उन्हें चलाते हैं. उधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर राहुल गांधी की सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की है.  

राहुल गांधी ने असम के सीएम पर लगाए ये आरोप

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को हिमंत बिस्वा सरमा को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताया. उनका यह बयान गुवाहाटी में पुलिस के साथ झड़प को लेकर उनके और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के एक दिन बाद आया है. राहुल गांधी ने असम के बारपेटा में अपनी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान कहा कि हिमंता देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं. मीडिया ने आपको जो कुछ भी बताया है, वही असम के मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया है.

14 जनवरी को मणिपुर के थौबल से शुरू हुई थी भारत जोड़ो न्याय यात्रा

उन्होंने कहा कि असम के मुख्यमंत्री का नियंत्रण अमित शाह के हाथ में है. अगर वह (हिमंत बिस्वा सरमा) अमित शाह के खिलाफ कुछ भी कहने की हिम्मत करते हैं, तो उन्हें पार्टी से बाहर निकाल दिया जाएगा. बता दें कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा 11वें दिन बारपेटा में फिर से शुरू हो गई है. राहुल गांधी ने 14 जनवरी को मणिपुर के थौबल से यात्रा शुरू की थी. यात्रा को मुख्य मार्गों से गुवाहाटी में प्रवेश करने की अनुमति नहीं देने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों के बीच झड़प के बाद मंगलवार को राहुल गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. 

सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने इस कारण दर्ज कराया केस

उधर, असम के मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने उल्लेख किया कि पुलिस ने हिंसा, लोगों को भड़काना, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कांग्रेस सदस्यों द्वारा पुलिस कर्मियों पर हमला करने के लिए केस दर्ज कराया है. इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सुरक्षा बढ़ाई जाए. साथ ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा की भी सुरक्षा बढ़ाई जाए.