'वो मुझे थप्पड़ मार देता था...', पीएम नरेंद्र मोदी ने कुछ यूं बयां किया अपना दर्द

PM Narendra Modi: पीएम नरेंद्र मोदी ने एक इंटरव्यू में विपक्षियों पर हमला बोलते हुए कहा है कि उन पर गालियों का असर अब नहीं पड़ता है क्योंकि वह बचपन में ऐसी बहुत सारी चीजें सह चुके हैं. उनका यह जवाब अब चर्चा का विषय बन गया है.

BJP X Handle
India Daily Live

चुनावी माहौल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों खूब इंटरव्यू दे रहे हैं. हर दिन वह किसी न किसी न्यूज चैनल या अखबार के पत्रकारों से बातचीत कर रहे हैं. अब एबीपी न्यूज को दिए गए एक इंटरव्यू में पीएम मोदी ने अपने बचपन के उस किस्से का जिक्र किया है जिसमें उन्हें थप्पड़ पड़ते थे. हर कोई पीएम मोदी का यह जवाब सुनकर हैरान है कि उन्हें भी थप्पड़ पड़ते थे. उन्होंने इसी का जिक्र करते हुए कांग्रेस और विपक्षी नेताओं पर भी तंज कस दिया. पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें गालियां दिए जाने से अब उन पर फर्क नहीं पड़ता है क्योंकि वह बचपन में इस तरह की कई सारी चीजें सह चुके हैं.

अपने बचपन का जिक्र करते हुए भी पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसा. उन्होंने कहा, 'वो नामदार हैं, हम कामदार हैं इसलिए हमारे नसीब में गाली-गलौच और अपमान लिखा हुआ है. ये मेरे लिए नया भी नहीं है, क्योंकि मैं बचपन से ऐसे ही जिंदगी गुजारते आया हूं इसलिए मैं मानकर चलता हूं कि मैं सहन कर लूंगा. नामदार लोग हम लोगों के साथ ऐसा ही करते हैं. कोई मुझे गाली देता है तो मुझे आश्चर्य नहीं होता है, हमने बचपन से ही यह सब देखा और सहा है.'

पीएम मोदी को कौन मारता था थप्पड़?

इस इंटरव्यू में पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने बचपन का जिक्र करते हुए कहा, 'मैं बचपन में जब चाय की दुकान पर काम करता था और वहां कप-प्लेट धोता था तो चाय की दुकान वाल भी मुझे डांट देता था. चाय ढंडी होती थी तो वह थप्पड़ भी मार देता था. मैंने बचपन से ही यह सब सहा है तो मुझे इसको लेकर अब कोई शिकायत नहीं रहती है.' बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कई बार कहा है कि वह बचपन में गुजरात के वडनगर स्टेशन पर चाय बेचते थे.

इसी इंटरव्यू में कांग्रेस और विपक्षियों पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'मेरा कहना है कि संविधान की भावना का सम्मान करना चाहिए क्योंकि जब संविधान बना तो सहमति से विचार बना कि हम धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दे सकते हैं लेकिन आज ये (कांग्रेस)  धर्म के आधार पर आरक्षण करना चाहते हैं, जो संविधान का अपमान है.'

ईडी की छापेमारी से जुड़े एक सवाल के जवाब में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, '2004 से 2014 तक सिर्फ 34 लाख रुपए ईडी ने जब्त किए थे. 2014 से 2024 तक 2,200 करोड़ रुपए ईडी के छापे में नकद बरामद हुए हैं. यह अंतर साफ बताता है कि जांच एजेंसियां अब ज्यादा सक्रियता से काम कर रही हैं, इसके लिए ईडी का सम्मान करना चाहिए.'