menu-icon
India Daily

'पीएम मोदी ने सूर्य देवता को शांत कर दिया है...', ये क्या बोल गए गोरखपुर के सांसद रवि किशन?

Ravi Kishan Viral: बीजेपी सांसद और फिल्मी कलाकार रवि किशन ने अपनी गोरखपुर सीट पर वोट डालने के बाद कुछ ऐसा कह दिया है कि उनका बयान वायरल हो गया है. इस बयान को लेकर उनकी जमकर खिंचाई भी हो रही है और उनकी आलोचना भी की जा रही है.

India Daily Live
'पीएम मोदी ने सूर्य देवता को शांत कर दिया है...', ये क्या बोल गए गोरखपुर के सांसद रवि किशन?
Courtesy: Ravi Kishan X Handle

लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में आने वाली गोरखपुर सीट पर भी वोट डाले जा रहे हैं. इसी सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मौजूदा सांसद रवि किशन एक बार फिर यहीं से चुनाव लड़ रहे हैं. इस बीच रवि किशन ने वोट डालने के बाद कुछ ऐसा कह दिया है कि वह विवादों में घिर गए हैं. कन्याकुमारी के रॉक मेमोरियल में ध्यान लगा रहे पीएम नरेंद्र मोदी के बारे में रवि किशन ने कहा कि वह ऐसी साधना पर बैठै हैं कि सूर्य देवता को शांत कर दिया है. अब रवि किशन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और उनकी आलोचना भी की जा रही है.

लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण का प्रचार खत्म होने के बाद ही पीएम मोदी तमिलनाडु के कन्याकुमारी में स्थिति रॉक मेमोरियल पहुंच गए थे. वहां पर वह ध्यान लगाकर बैठे हुए हैं. इसी की तारीफ करते हुए रवि किशन ने कहा, 'वहां प्रधानमंत्री जी साधना में बैठे हैं और सूर्य देवता को शांत कर दिया है. ये ऐतिहासिक रहा है. ये भीषण गर्मी में आज हवा चलने लगी है.' अब इसी को लेकर उनकी ट्रोलिंग हो रही है.

'भारत के आगे सब झुकेंगे'

रवि किशन ने आगे कहा, 'यह बहुत बड़ा संकेत है, राम राज्य का. तीसरी बार प्रधानमंत्री मोदी जी का विराट रूप में होगा और मेरा भारत बहुत विराट विकसित होगा, सोने की चिड़िया होगा, कभी झुकेगा नहीं और सभी उसके आगे झुकेंगे नहीं, ऐसा भारत बनेगा. आज ऐतिहासिक वोटिंग होगी, आज महादेव वोटिंग पर्सेंट बहुत बड़ा करेंगे.' रवि किशन ने यह भी बताया कि वह पहली बार गोरखपुर में मतदान कर रहे हैं.

दरअसल, आज आखिरी चरण में उत्तर प्रदेश में कई सीटों पर वोटिंग हो रही है. इसमें पूर्वांचल के गोरखपुर, बलिया, वाराणसी और घोसी जैसी सीटें शामिल हैं. बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती यही है कि वह इस क्षेत्र में अपनी सीटों को बरकरार रखे और सीटों की संख्या को बढ़ाए.