'OLX' की तर्ज पर बनेगा 'Go-LX'! स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा ऐलान, अब बिकने से पहले बचाई जाएंगी गायें

हिंदू धर्मगुरू स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गोकशी रोकने के लिए 'Go-LX' नाम से एक नए डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरुआत करने का ऐलान किया है.

pintrest
Kuldeep Sharma

हिंदू धर्मगुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भारत में गोवंश की रक्षा और गोकशी को रोकने के लिए 'Go-LX' नाम से एक नए डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरुआत करने का ऐलान किया है. उन्होंने बताया कि यह वेबसाइट मशहूर ऑनलाइन मार्केटप्लेस 'OLX' की तर्ज पर काम करेगी लेकिन इसका पूरा फोकस सिर्फ गायों को खरीदने और उन्हें सुरक्षित रखने पर होगा. यह घोषणा उन्होंने उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में अपनी 'गो रक्षा यात्रा' के दौरान की है.

गो रक्षा दल से जुड़े लोग खरीदेंगे गाय

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अनुसार इस वेबसाइट पर कोई भी पशुपालक या किसान अपनी गाय बेचने के लिए विज्ञापन डाल सकेगा. इसके बाद गो रक्षा दलों और हिंदू संगठनों से जुड़े लोग सीधे उन विक्रेताओं से संपर्क करेंगे और उन गायों को खरीद लेंगे. इससे यह पक्का किया जा सकेगा कि गायों की अच्छी देखरेख हो और वे किसी भी हाल में कसाईखानों तक न पहुंचें.

मजबूरी में कसाई को नहीं बेचनी पड़ेगी गाय

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि यह विचार हिंदू समाज के उन लोगों की चिंता को देखकर आया जो इस बात से परेशान थे कि आर्थिक तंगी या मजबूरी के कारण किसान अपनी गायों को कसाईयों के हाथों बेच देते हैं. यह प्लेटफॉर्म ऐसे लोगों को एक बेहतर विकल्प देगा जिन्हें मजबूरी में अपनी गायें बेचनी पड़ती हैं.

उन्होंने साफ कहा कि किसी भी गाय की हत्या नहीं होनी चाहिए और उनके समर्थक ऐसी हर गाय को खरीदने के लिए तैयार हैं जिसे कोई बेचना चाहता है. उन्होंने दावा किया कि देश भर के कई हिंदू इस मुहिम में आर्थिक और सामाजिक रूप से मदद करने और गायों की जिम्मेदारी लेने के लिए आगे आ रहे हैं.

'OLX' से ही प्रेरित है 'Go-LX'

इस वेबसाइट के नाम के पीछे की कहानी बताते हुए उन्होंने कहा कि 'Go-LX' नाम 'OLX' से ही प्रेरित है जिसमें 'Go' का मतलब 'गौ' यानी गाय से है. यह पोर्टल अगले कुछ दिनों में लाइव हो सकता है जिसके बाद लोग अपनी गायों की डिटेल्स इस पर अपलोड कर सकेंगे.

अपने भाषण में उन्होंने पश्चिम बंगाल की उन खबरों का भी जिक्र किया जहां कड़े नियमों की वजह से मवेशी व्यापार पर असर पड़ा है. उन्होंने उन दावों को खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि अगर मुस्लिम समुदाय ने गायें खरीदना या बीफ खाना बंद कर दिया तो हिंदू पशुपालकों को भारी नुकसान होगा. उन्होंने इसे भ्रामक और किसानों में डर पैदा करने वाली बात बताया. उन्होंने जोर देकर कहा कि गो रक्षा सिर्फ धार्मिक मुद्दा नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और करुणा का प्रतीक है.