नई दिल्ली: केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) का नाम बदलकर विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (VB-G RAM G) किए जाने के बाद देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है. कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने इस फैसले का विरोध करते हुए आरोप लगाया है कि सरकार ने महात्मा गांधी के नाम को हटाकर उनका अपमान किया है. विपक्ष का कहना है कि यह कदम गांधी जी की विरासत को कमजोर करने की कोशिश है.
इस मुद्दे पर भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत का बयान सामने आया है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है. संसद परिसर में जब मीडिया ने कंगना रनौत से मनरेगा का नाम बदलने को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि इस बदलाव से महात्मा गांधी का अपमान कैसे हो सकता है?
कंगना रनौत ने कहा कि गांधी जी ने 'रघुपति राघव राजा राम' को नेशनल एंथम बनाया था. उन्होंने इस भजन के माध्यम से पूरे देश को जोड़ा था और यह गीत उस समय लोगों को एकजुट करने का जरिया बना था. भाजपा सांसद ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा उनके ही सपने को पूरा करने के लिए राम का नाम दिया जा रहा है.
कंगना रनौत के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. कांग्रेस नेताओं और कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी. कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि चलो भाई आज नया नेशनल एंथम भी पता चला है! BJP में एक से एक शिरोमणि भरे पड़े हैं.
गांधी जी ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ को लेकर नेशनल एंथम बनाया था
— Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) December 16, 2025
BJP MP कंगना रनौत
चलो भाई आज नया नेशनल एंथम भी पता चला है!
BJP में एक से एक शिरोमणि भरे पड़े हैं 😂🤣 pic.twitter.com/9DvyV5xLb1
इस बीच कांग्रेस ने मनरेगा का नाम बदलने के फैसले का लगातार विरोध किया है. कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे महात्मा गांधी का सीधा अपमान बताया. उन्होंने कहा कि गांधी जी जीवन भर प्रभु श्रीराम के भक्त रहे और उनके अंतिम शब्द भी 'हे राम' थे. गहलोत ने आरोप लगाया कि सरकार राम के नाम की आड़ लेकर गांधी जी को पीछे करने की कोशिश कर रही है, जो बेहद निंदनीय है.