महाराष्ट्र में पिता ने अंतर-जातीय विवाह के चलते की बेटी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के कल्याण में एक पिता ने कथित तौर पर अपनी बेटी गायत्री वासेकर की हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार आरोपी पिता अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज था. घटना के बाद फरार आरोपी को तीन दिन बाद गिरफ्तार कर लिया गया.
महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के कल्याण शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने कथित तौर पर अपनी ही बेटी की हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार बेटी की अंतरजातीय प्रेम विवाह को लेकर पिता कई वर्षों से नाराज था और इसी नाराजगी ने आखिरकार एक भयावह रूप ले लिया.
यह घटना कल्याण पश्चिम के पारेकरवाड़ी स्थित एक आवासीय इमारत रचना रॉयल में हुई. जिस दिन यह वारदात हुई, उस दिन परिवार के सदस्य घर पर मौजूद थे और दोपहर का भोजन कर चुके थे. इसी दौरान बेटी गायत्री वासेकर और उसके पिता विनोद वासेकर के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई.
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक शुरुआत में यह सामान्य पारिवारिक विवाद लग रहा था, लेकिन देखते ही देखते बहस ने गंभीर रूप ले लिया. आरोप है कि गुस्से में आकर विनोद वासेकर ने अपनी बेटी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमला इतना गंभीर था कि गायत्री की मौके पर ही मौत हो गई. परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी पिता वहां से फरार हो गया.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
घटना की जानकारी मिलते ही बाजारपेठ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया. तकनीकी निगरानी, खुफिया जानकारी और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी के बाद पुलिस ने तीन दिन के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
जांच के दौरान क्या चला पता?
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस घटना की जड़ गायत्री का विवाह था. पुलिस के अनुसार, गायत्री ने अपने परिवार की इच्छा के खिलाफ दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम विवाह किया था. उसके पिता इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे. बताया गया कि उन्होंने गायत्री के लिए दो बार अन्य रिश्तों की व्यवस्था भी की थी, लेकिन उसने दोनों प्रस्ताव ठुकरा दिए और अपनी पसंद के युवक से शादी कर ली.
जांच में क्या आया सामने?
पुलिस का कहना है कि विवाह के बाद भी पिता अपनी बेटी के फैसले को स्वीकार नहीं कर पाया था. हाल ही में गायत्री कुछ समय के लिए अपने मायके आई हुई थी. इसी दौरान शादी को लेकर फिर से विवाद शुरू हुआ. जांचकर्ताओं का मानना है कि इसी बहस ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने अपनी बेटी की जान ले ली.
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह बेटी की अंतरजातीय शादी से नाराज था और इसी कारण उसने यह कदम उठाया. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.