तड़पते मरीजों की आखिरी उम्मीद! भारत में इच्छामृत्यु का क्या है लीगल स्टेटस? हरीश राणा केस से सुप्रीम कोर्ट के फैसले तक जानें सब कुछ
भारत में इच्छामृत्यु मुख्य रूप से निष्क्रिय रूप में वैध है, जो लाइलाज बीमारी या स्थायी कोमा में फंसे मरीजों के लिए लागू होती है. सुप्रीम कोर्ट ने लिविंग विल और लाइफ सपोर्ट हटाने की अनुमति दी है, लेकिन सक्रिय इच्छामृत्यु अभी भी अवैध बनी हुई है.
जब कोई इंसान लाइलाज बीमारी के असहनीय दर्द में तड़पता है, तो परिवार और समाज दोनों यही दुआ करते हैं कि भगवान उसे जल्दी मुक्ति दे दें. इसी भावना से इच्छामृत्यु का विचार सामने आया. भारत में यह मुद्दा लंबे समय से बहस का विषय रहा है.
सुप्रीम कोर्ट ने कई ऐतिहासिक फैसलों से निष्क्रिय इच्छामृत्यु को कुछ शर्तों के साथ जगह दी है. हाल ही में हरीश राणा के मामले में कोर्ट ने फिर से इस पर विचार शुरू किया है. यह कानून उन मरीजों के लिए है जो सालों से कोमा में हैं या जिनकी जिंदगी सिर्फ मशीनों पर टिकी है.
इच्छामृत्यु का मतलब और प्रकार
इच्छामृत्यु दो तरह की होती है- सक्रिय और निष्क्रिय. सक्रिय में दवा देकर मौत दी जाती है, जो भारत में पूरी तरह गैरकानूनी है. निष्क्रिय इच्छामृत्यु में जीवन रक्षक उपकरण हटाए जाते हैं, जिससे मरीज प्राकृतिक मौत की ओर बढ़ता है. भारत में केवल यही रूप कुछ मामलों में वैध माना गया है. यह फैसला मरीज की गरिमा और दर्द से मुक्ति पर आधारित है.
अरुणा शानबाग केस: पहला बड़ा मोड़
1973 में मुंबई की नर्स अरुणा शानबाग पर क्रूर हमला हुआ था, जिसके बाद वे 42 साल तक कोमा में रहीं. 2011 में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी दोस्त पिंकी विरानी की याचिका पर फैसला दिया. कोर्ट ने निष्क्रिय इच्छामृत्यु को मंजूरी दी, लेकिन सख्त शर्तों के साथ. लाइफ सपोर्ट हटाने की इजाजत मिली, पर कोर्ट की निगरानी जरूरी थी. यह भारत में इच्छामृत्यु की कानूनी शुरुआत मानी जाती है.
विधि आयोग की रिपोर्ट और दिशानिर्देश
2006 में विधि आयोग ने अपनी 196वीं रिपोर्ट में इच्छामृत्यु पर विचार रखा. 2012 में 241वीं रिपोर्ट में निष्क्रिय इच्छामृत्यु के लिए मजबूत सिफारिश की गई. रिपोर्ट में मरीज, परिवार और डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए साफ नियम बनाने पर जोर दिया गया. इन रिपोर्टों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को मजबूत आधार दिया और कानूनी बहस को नई दिशा दी.
2018 का ऐतिहासिक सुप्रीम कोर्ट फैसला
मार्च 2018 में कॉमन कॉज बनाम भारत संघ मामले में सुप्रीम कोर्ट ने निष्क्रिय इच्छामृत्यु को वैध ठहराया. कोर्ट ने 'लिविंग विल' को मान्यता दी, जिसमें व्यक्ति पहले से लिखित रूप में बता सकता है कि गंभीर हालत में उसका जीवन रक्षक उपकरण(वेंनिलेटर) हटाया जाए. कोर्ट ने दुरुपयोग रोकने के लिए विस्तृत दिशा निर्देश भी जारी किए, जिसमें मेडिकल बोर्ड और परिवार की सहमति जरूरी है.
हरीश राणा मामला और वर्तमान स्थिति
31 साल के हरीश राणा 13 साल से कोमा में हैं. उनके माता-पिता निष्क्रिय इच्छामृत्यु की मांग कर रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट ने AIIMS की रिपोर्ट देखी, जिसमें ठीक होने की उम्मीद न के बराबर बताई गई है. कोर्ट ने माता-पिता से व्यक्तिगत बातचीत का फैसला लिया है. यह मामला इच्छामृत्यु कानून की व्यावहारिक चुनौतियों को फिर से सामने ला रहा है.
और पढ़ें
- Parliament Budget Session Live Updates: लोकसभा में ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर आज भी हो सकता है हंगामा
- पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एक्टिव हुआ भारत, जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री अराघची को किया फोन; जानें क्या हुई बातचीत
- मार्च में गर्मी का कहर! 14 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, दिल्ली में 36°C पहुंचा पारा