menu-icon
India Daily

हजारों की भीड़, 30 अरेस्ट, हाई कोर्ट की फटकार, 24 घंटे की हड़ताल.., कोलकाता कांड को प्वाइंट्स में समझिए

14 अगस्त की रात को आरजी कर अस्पताल में हुई तोड़फोड़ पर IMA ने नराजगी जाहिर की है. वहीं खबर आ रही है कि विरोध प्रदर्शन में आरजी कर अस्पताल के पास की झुग्गियों में रहने वाले कैब ड्राइवर, एक मोटर पार्ट्स दुकानदार, और फूड डिलीवरी बाय और कई युवक इसमें उपद्रवियों के भेष में शामिल थे, जिनको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

India Daily Live
हजारों की भीड़, 30 अरेस्ट, हाई कोर्ट की फटकार, 24 घंटे की हड़ताल.., कोलकाता कांड को प्वाइंट्स में समझिए
Courtesy: Social Media

कोलकाता आरजी मेडिकल हॉस्पिटल में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और फिर मर्डर के विरोध में आज यानी शनिवार 17 अगस्त को सुबह से ही अगले 24 घंटे के लिए देश में डॉक्टरों की हड़ताल का ऐलान किया गया है. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने कहा, 17 अगस्त की सुबह 6 बजे से 18 अगस्त की सुबह 6 बजे तक देश के सभी डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे. इस दौरान इमरजेंसी के अलावा कोई दूसरी सर्जरी नहीं की जाएगी.

बीते शुक्रवार को आईएमए ने पांच मांगे रखी थी, जिसमें रेजिडेंट डॉक्टरों के काम करने और रहने की स्थिति में व्यापक बदलाव और कार्यस्थलों पर स्वास्थ्य पेशेवरों के खिलाफ हिंसा की जांच के लिए एक केंद्रीय कानून को इसमें शामिल किया गया है.

आईएमए की मांगे

  1. IMA ने रेजिडेंट डॉक्टरों के कामकाज और रहने की स्थिति में सुधार की मांग की है, खासकर आरजी कर अस्पताल की पीड़िता की 36 घंटे की ड्यूटी शिफ्ट और आराम करने के लिए सुरक्षित जगहों की मांग की गई है.
  2. आईएमए ने एक केंद्रीय अधिनियम पर जोर देते हुए कहा, कोविड-19 महामारी के दौरान लागू किए गए अध्यादेश जैसा ही अध्यादेश इस स्थिति में उपयुक्त होगा. डॉक्टरों के संगठन ने एक निश्चित समय सीमा में अपराध की पूरी जांच होनी चाहिए.
  3. साथ ही 14 अगस्त की रात को आरजी कर अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर कर उन लोगों को सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए.
  4. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने कहा कि सभी अस्पतालों की सुरक्षा प्रोटोकॉल किसी एयरपोर्ट से कम नहीं होनी चाहिए. अस्पतालों को अनिवार्य सुरक्षा अधिकार के साथ सेफ जोन घोषित करना पहला स्टेप होगा.
  5. इसके अलावा इस केस के पीड़ित परिवार को मुआवजा भी देनी चाहिए. 

कोलकाता हाईकोर्ट ने लगाई राज्य सरकार को फटकार

बता दें कि आरजी कर अस्पताल में 14 अगस्त को हुई हिंसा को लेकर कोलकाता हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. चीफ जस्टिस ने राज्य सरकार और पुलिस को फटकार लगाते हुए कहा, 'अस्पताल में तोड़फोड़ के लिए 7 हजार की भीड़ आई थी, पुलिस क्या कर रही थी.7000 लोग एकदम से नहीं आ सकते. साफतौर पर यह राज्य सरकार की नाकामी है. पुलिस अपने आप को नहीं बचा पा रही है, डॉक्टर को कैसे बचाएं.'

30 लोग गिरफ्तार

खबरों के मुताबिक इस विरोध प्रदर्शन में आरजी कर अस्पताल के पास की झुग्गियों में रहने वाले कैब ड्राइवर, एक मोटर पार्ट्स दुकानदार, और फूड डिलीवरी बाय और कई युवक इसमें उपद्रवियों के भेष में शामिल थे, जिनको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. करीब 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया जो विरोध प्रदर्शन में दंगा करने के मंशा से शामिल हुए थे. 

'ये रेप नहीं, गैंगरेप हो सकता है'

वहीं ऑल इंडिया गवर्नमेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के एडिशनल सेक्रेटरी डॉ. सुवर्ण गोस्वामी ने 14 अगस्त को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से कहा, 'ये रेप नहीं, गैंगरेप हो सकता है'.