दिल्ली से मेरठ का सफर अब 50 मिनट से भी कम में, 16 नवंबर से दौड़ेंगी 8 फास्ट नमो भारत ट्रेनें
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 16 नवंबर से आठ अतिरिक्त तेज ट्रेनें चलेंगी. ये पांच प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी, जिससे यात्रियों का सफर कम समय में पूरा होगा.
दिल्ली से मेरठ के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) 16 नवंबर से नमो भारत ट्रेन की आठ अतिरिक्त तेज सेवाएं शुरू करने जा रहा है. इन ट्रेनों का संचालन सुबह और शाम के व्यस्त समय यानी पीक आवर्स में किया जाएगा. इसका मकसद यात्रियों का यात्रा समय कम करना और उन्हें जल्द मंजिल तक पहुंचाना है.
आनंद विहार से बेगमपुल तक सिर्फ 36 मिनट में सफर
इन तेज ट्रेनों की मदद से आनंद विहार से गाजियाबाद तक का सफर महज आठ मिनट में पूरा किया जा सकेगा. वहीं, गाजियाबाद से बेगमपुल पहुंचने में केवल 28 मिनट लगेंगे. इस तरह आनंद विहार से बेगमपुल तक की दूरी सिर्फ 36 मिनट में तय की जा सकेगी.
NCRTC के मुताबिक, दिल्ली-मेरठ के पूरे कॉरिडोर का सफर भी 50 मिनट से कम समय में पूरा किया जा सकेगा. इन ट्रेनों का ठहराव केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर होगा. इनमें सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम शामिल हैं. बाकी स्टेशनों पर नहीं रुकने के कारण यात्रियों का समय बचेगा.
Also Read
सुबह और शाम इन समय पर चलेंगी ट्रेनें
आठ अतिरिक्त सेवाओं में से चार ट्रेनें सुबह और चार शाम को चलाई जाएंगी. सुबह दोनों दिशाओं में दो-दो ट्रेनें टर्मिनल स्टेशनों सराय काले खां और मोदीपुरम से रवाना होंगी. इनके प्रस्थान का समय सुबह 8 बजे और 8:30 बजे निर्धारित किया गया है. इसी तरह शाम के पीक आवर्स में दोनों दिशाओं में दो-दो ट्रेनें शाम 6 बजे और 6:30 बजे टर्मिनल स्टेशनों से चलेंगी.
नियमित नमो भारत सेवाओं पर नहीं पड़ेगा असर
अतिरिक्त तेज ट्रेनों के संचालन के बावजूद नियमित नमो भारत सेवाएं पहले की तरह चलती रहेंगी. सामान्य ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी हर 10 मिनट पर बनी रहेगी. यानी यात्रियों के पास सामान्य और कम स्टॉपेज वाली तेज ट्रेनों, दोनों का विकल्प उपलब्ध होगा. इस सुविधा से खासतौर पर नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जिन्हें रोजाना दिल्ली और मेरठ के बीच सफर करना पड़ता है.
रोजाना 1.1 लाख यात्री कर रहे सफर
नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. फिलहाल इस कॉरिडोर पर रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं. हाल ही में इसने पांच करोड़ यात्री यात्राओं का आंकड़ा भी पार किया है.
NCRTC के अनुसार, पिछले तीन महीनों में हर महीने औसतन 32 लाख से ज्यादा यात्री यात्राएं दर्ज की गई हैं. निगम का कहना है कि यात्रा का समय घटाना और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है.
प्रदूषण और ट्रैफिक कम करने में भी मिलेगी मदद
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच नमो भारत की तेज सेवाओं को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. बेहतर और तेज सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने से लोग निजी वाहनों के बजाय ट्रेन से सफर करने के लिए प्रोत्साहित हो सकते हैं. इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या और ट्रैफिक जाम कम करने में मदद मिल सकती है.
NCRTC ने यात्रियों को सलाह दी है कि ट्रेन में चढ़ने से पहले स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड और प्लेटफॉर्म पर होने वाली घोषणाओं को ध्यान से देखें. इससे तेज और नियमित नमो भारत ट्रेनों के बीच अंतर समझने में आसानी होगी.