Delhi Ex Minister: दिल्ली के पूर्व मंत्री संदीप कुमार अपने पुराने कारनामे को लेकर काफी चर्चित रहे थे. कुछ साल तक राजनीति से दूर संदीप कुमार ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को देखते हुए एक बार फिर राजनीति में एक्टिव होने का मन बनाया. किसी तरह जुगाड़ लगाकर उन्होंने भाजपा के नेताओं से संपर्क साधा. फिर शनिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हाथों भाजपा में शामिल हो गए. हालांकि, भाजपा ने उन्हें 6 घंटे बाद ही पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया.
दरअसल, रिपोर्ट के मुताबिक संदीप कुमार ने अपने 'कारनामे' को छिपाकर रखा था. उन्होंने इस बारे में किसी से जिक्र ही नहीं किया, लेकिन उनका कारनामा इतना ज्यादा चर्चित था कि संदीप कुमार के भाजपा ज्वाइन करते ही पार्टी की छिछालेदर शुरू हो गई. जब इस बारे में हरियाणा भाजपा आलाकमान को जानकारी मिली, तो तुरंत एक्शन लेते हुए संदीप कुमार को पार्टी से बाहर कर दिया गया.
आज दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री संदीप कुमार ने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की।इससे पूर्व अपनी पृष्ठभूमि के तथ्य छुपाए,लेकिन संज्ञान में आते ही भारतीय जनता पार्टी संदीप कुमार को अपनी प्राथमिक सदस्यता से अलग करती है। pic.twitter.com/G69LhLAxjU
— Haryana BJP (@BJP4Haryana) August 10, 2024Also Read
दरअसल, संदीप कुमार आम आदमी पार्टी के नेता रह चुके हैं. जब उनका कारनामा सामने आया था, तब आम आदमी पार्टी ने कार्रवाई करते हुए न सिर्फ उन्हें पार्टी से निकाला था, बल्कि मंत्रीपद से भी बर्खास्त कर दिया था. संदीप कुमार ने 2015 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में 5 बार के विधायक जय किशन को हराकर चर्चा में आए थे. उनकी जीत इतनी बड़ी थी कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही उन्हें मंत्री पद से नवाजा गया.
मंत्री बनने के कुछ महीने बाद यानी अगस्त 2016 में एक सीडी वायरल हुई, जिसमें संदीप कुमार किसी महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में दिख रहे थे. आरोप था कि संदीप कुमार ने राशन कार्ड बनवाने के बहाने एक महिला के साथ गलत काम किया था. मामले की जानकारी के बाद दिल्ली पुलिस ने संदीप कुमार को गिरफ्तार भी किया था.
हरियाणा प्रदेश कार्यालय प्रभारी और प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया की ओर से एक चिट्ठी जारी की गई. लिखा गया कि आज (10 अगस्त) दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री संदीप कुमार ने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की. इससे पहले उन्होंने अपनी पृष्ठभूमि के तथ्य छुपाए, लेकिन संज्ञान में आते ही भारतीय जनता पार्टी संदीप कुमार को अपनी प्राथमिक सदस्यता से अलग करती है. संदीप कुमार ने शनिवार यानी 10 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली थी. शाम 5 बजे सदस्यता लेने वाले संदीप कुमार को रात 11 बजे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.
संदीप कुमार सोनीपत के रहने वाले हैं. उन्होंने 2004 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया. साल 2009 में मेरठ के चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री ली. उन्होंने साल 2021 जून में अपनी एक राजनीतिक पार्टी भी बनाई थी, जिसका नाम 'कीर्ति किसान शेर-ए-पंजाब' रखा था.