menu-icon
India Daily

'ट्रंप ने मुझे वाशिंगटन आने का ऑफर दिया लेकिन मैंने ठुकरा दिया', पीएम मोदी ने ओडिशा में बताई अमेरिका ना जाने की वजह

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैंने ट्रम्प के निमंत्रण को विनम्रता से ठुकरा दिया और महाप्रभु की धरती को प्राथमिकता दी.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'ट्रंप ने मुझे वाशिंगटन आने का ऑफर दिया लेकिन मैंने ठुकरा दिया', पीएम मोदी ने ओडिशा में बताई अमेरिका ना जाने की वजह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभी ओडिशा दौरे पर हैं. ओडिशा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि हाल ही में कनाडा में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ अपनी बातचीत का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि ट्रम्प ने उन्हें वाशिंगटन आने का निमंत्रण दिया था. पीएम मोदी ने कहा, “दो दिन पहले मैं कनाडा में जी7 शिखर सम्मेलन के लिए था, तभी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने मुझे फोन किया. उन्होंने कहा, चूंकि आप कनाडा आए हैं, वाशिंगटन होकर जाएं, हम साथ में रात्रिभोज करेंगे और बातचीत करेंगे. उन्होंने बड़े आग्रह से निमंत्रण दिया.” 

मेरे लिए महाप्रभु की धरती पर जाना बहुत महत्वपूर्ण 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैंने ट्रम्प के निमंत्रण को विनम्रता से ठुकरा दिया और महाप्रभु की धरती को प्राथमिकता दी. उन्होंने कहा, “मैंने अमेरिकी राष्ट्रपति से कहा, निमंत्रण के लिए धन्यवाद. मेरे लिए महाप्रभु की धरती पर जाना बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए मैंने विनम्रतापूर्वक उनका निमंत्रण ठुकरा दिया और आपका महाप्रभु के प्रति प्रेम और भक्ति मुझे इस धरती पर ले आई.” 

 

डबल इंजन की सरकार से ओडिशा की जनता का डबल फायदा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओडिशा के विकास पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि ओडिशा दशकों से कई समस्याओं से जूझ रहा था. गरीब और किसानों को उनका पूरा हक नहीं मिल पाता था, भ्रष्टाचार और लालफीताशाही हावी थी. पीएम ने कहा, 'हमारा ओडिशा भी दशकों से कई समस्याओं से जूझ रहा था. गरीब और किसानों तक उनका पूरा हक नहीं पहुंच पाता था, करप्शन और लालफीता शाही हावी थी. यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर बेहाल था, अनेक क्षेत्र विकास में पीछे छूटते जा रहे थे, ऐसी कई चुनौतियां ओडिशा का दुर्भाग्य बन गई थीं.' 

उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने इन समस्याओं के समाधान के लिए दृढ़ता से काम किया है. उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य में बीजेपी सरकार की एकजुटता ने ओडिशा में विकास को नई गति दी है.