नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस 'यूपी जोड़ो यात्रा' के लिए तैयारी कर रही है, जो 20 दिसंबर को शुरू होने वाली है. यूपी जोड़ो यात्रा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से शुरू होगी और सीतापुर में समाप्त होगी. यह अभियान यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा और इसमें 16 संसदीय क्षेत्रों को कवर करने की उम्मीद है.
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री, अजय लल्लू,बृजलाल खाबरी के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, जफर अली नकवी समेत कई कांग्रेस नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं. यह कार्यक्रम ऐसे समय में आयोजित की जा रही है जब अगले साल 2024 में देश में आम चुनाव की तैयारियां सभी दलों की ओर से तेज की जा चुकी है.
इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा पिछले साल 7 सितंबर को कन्याकुमारी में शुरू हुई थी. जिसका नेतृत्व कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किया था. यह यात्रा 3,970 किमी होते हुए 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करने के साथ-साथ 130 दिनों से अधिक समय तक चला था. जिसका समापन 30 जनवरी को श्रीनगर में हुआ. यात्रा के पहले चरण में राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक लगभग 4,000 किलोमीटर पैदल चले थे. राहुल गांधी की यात्रा का असर कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में चुनावों के दौरान देखा गया. जिसका नतीजा यह रहा कि वहां कांग्रेस सत्ता मे आई. वहां स्ट्राइक रेट और वोट शेयर में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई. कर्नाटक यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने गुंडलुपेट निर्वाचन क्षेत्र और रायचूर ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र के बीच 22 दिनों में 511 किमी की यात्रा की.
चार राज्यों के चुनाव नतीजे, खासकर राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी की करारी हार 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एक बड़ा झटका है, क्योंकि अब कांग्रेस पार्टी हिंदी पट्टी के एक बड़े हिस्से में सत्ता से बेदखल हो गयी है. वहीं दक्षिण राज्य तेलंगाना में कांग्रेस पार्टी ने 64 सीटें हासिल करके सरकार बनाई है. हाल ही में संपन्न हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में अपने निराशाजनक प्रदर्शन का विश्लेषण करने के लिए कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली पार्टी मुख्यालय में बैठक की. ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि 2024 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी कितनी दमखम के साथ लड़ती है.