स्कूल में घुसा हमलावर, कक्षा 10 की छात्रा पर आरी से किया हमला; गला काटा

अनंतपुर के राप्टाडु स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा पर स्कूल के अंदर चेनसॉ से हमला किया गया. छात्रा के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Pinterest
Km Jaya

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के राप्टाडु स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में एक छात्रा पर खतरनाक तरीके से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. कक्षा 10 की छात्रा पर स्कूल के अंदर एक व्यक्ति ने चेनसॉ से हमला कर दिया. हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि एक अन्य छात्र भी चोटिल हुआ है. घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के मुताबिक घटना स्कूल के समय हुई. आरोपी कथित तौर पर स्कूल परिसर में घुसा और क्लासरूम में मौजूद छात्रा पर चेनसॉ से हमला कर दिया. हमले में छात्रा के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद घायल छात्रा को तत्काल अनंतपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. उसकी हालत को गंभीर बताया गया है.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

हमले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को तलाश कर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है. फिलहाल मामले से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है.


मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने क्या कहा?

घटना की जानकारी मिलने के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गहरी चिंता और नाराजगी जताई. उन्होंने अधिकारियों से छात्रा की स्थिति और उसे दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने मेडिकल टीम को छात्रा को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री नायडू ने घायल छात्रा की मां से फोन पर बात भी की. उन्होंने परिवार को हर संभव सरकारी मदद का भरोसा दिलाया और छात्रा के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई. उन्होंने कहा कि छात्रा की जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का भी भरोसा दिया.

स्थानीय विधायक ने क्या लिया एक्शन?

नायडू ने स्थानीय विधायक परिताला सुनीता से भी छात्रा को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सहायता के बारे में जानकारी ली. उन्होंने हमले में घायल दूसरे छात्र की स्थिति के बारे में भी अधिकारियों से पूछा और दोनों घायलों को उचित इलाज देने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि स्कूल जैसी सुरक्षित जगह पर युवा छात्राओं को निशाना बनाने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए. उन्होंने बताया कि वह छात्रा के स्वास्थ्य पर व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहे हैं और पुलिस को आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

नारा लोकेश ने क्या कहा?

आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने भी घटना की निंदा की. उन्होंने इसे पढ़ाई और सुरक्षा के लिए बनाए गए स्थान पर एक बच्ची के खिलाफ किया गया अमानवीय कृत्य बताया. उन्होंने कहा कि महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की बर्बरता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस की जांच अभी जारी है. अधिकारियों की ओर से घटना के कारण और आरोपी की मंशा को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है. घटना के बाद स्कूल के छात्रों और कर्मचारियों में डर और चिंता का माहौल है.