क्या लगा खेल खत्म! दीपके, सौरभ और आशुतोष सब हिरासत में; अब खामोश बैठा ये शख्स करेगा CJP की कप्तानी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पहुंचते ही हिरासत में लिए जाने के बाद पार्टी ने आंदोलन की अगली कमान सौंपने का ऐलान किया है.
नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद एक नया घटनाक्रम सामने आया है. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक वीडियो के जरिए बताया है कि उनके बाद आंदोलन की अगुआई कौन करेगा. दीपके ने आजिंक्य शिंदे का नाम लेते हुए समर्थकों से उनके निर्देशों का पालन करने की अपील की है. इस घोषणा के बाद अब सबकी नजर शिंदे की अगली रणनीति पर है.
शनिवार सुबह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे. विमान के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम विमान के भीतर पहुंची और तीनों को हिरासत में ले लिया. दीपके ने पुलिस की कार्रवाई से पहले कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए थे. बाद में उनके सोशल मीडिया हैंडल से एक पहले से रिकॉर्ड किया गया वीडियो साझा किया गया.
दीपके का संदेश: अब आजिंक्य शिंदे संभालेंगे जिम्मेदारी
वीडियो में अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर लोग यह संदेश देख रहे हैं, तो इसका मतलब है कि उन्हें, आशुतोष और सौरव को हिरासत में लिया जा चुका है. इसके बाद उन्होंने आजिंक्य शिंदे को आंदोलन की अगुआई करने वाला बताया. दीपके ने समर्थकों से शिंदे की बात मानने और उनके निर्देशों का पालन करने की अपील की. उनके संदेश का मकसद हिरासत के बाद भी आंदोलन के नेतृत्व को लेकर समर्थकों तक जानकारी पहुंचाना था.
Also Read
- 20 हजार जवानों का पहरा, इंटरनेट सेवा बंद...CJP के प्रोटेस्ट से पहले छावनी में तब्दील हुई राजधानी
- राहुल के नेतृत्व में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राष्ट्रपति से मिलने पहुंचे विपक्ष के नेता, इस्तीफे और SIR रोकने की मांग
- 'मुस्लिम अब हमारा...', रेजिनगर में बीजेपी की प्रचंड जीत पर सीएम सुवेंदु अधिकारी का बड़ा बयान
सिर्फ तीन नेता नहीं, दूसरे नाम भी हिरासत में
CJP के प्रमुख नेताओं के अलावा संगठन की कानूनी प्रकोष्ठ की प्रमुख रत्ना सिंह और यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है. इसके साथ ही दिल्ली में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया गया है. राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवान भी तैनात किए गए हैं. सीमावर्ती इलाकों में जांच की जा रही है और प्रदर्शन से जुड़े लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है.
अब कहां हैं आजिंक्य शिंदे?
दीपके के वीडियो में नाम सामने आने के बाद आजिंक्य शिंदे की भूमिका पर चर्चा शुरू हो गई है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, शनिवार को दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका के साथ शिंदे दिल्ली नहीं पहुंचे थे. वह कहां हैं और आंदोलन की अगुआई किस तरह करेंगे, इस बारे में खबर लिखे जाने तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई थी. सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी उनकी ओर से 8 अक्टूबर के बाद कोई नया संदेश साझा किए जाने की जानकारी नहीं दी गई है.
प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई और कई इलाकों में निगरानी तेज की गई. पुलिस की कार्रवाई के बीच दीपके का वीडियो आंदोलन के अगले नेतृत्व को लेकर पार्टी का संदेश सामने लाया है. अब यह देखना बाकी है कि आजिंक्य शिंदे इस जिम्मेदारी को लेकर सार्वजनिक रूप से क्या कदम उठाते हैं.