IIM कलकत्ता की छात्रा ने 2 साल में चुकाया 30 लाख का एजुकेशन लोन, इन 4 तरीकों से जुटाए पैसे
IIM कलकत्ता की पूर्व छात्रा अवनि राठौड़ ने MBA के लिए लिया 30 लाख रुपये का एजुकेशन लोन सिर्फ दो साल में चुका दिया. इसके लिए उन्होंने कमाई के चार स्रोतों का इस्तेमाल किया.
देश के प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूलों से MBA करने के लिए अक्सर छात्रों को बड़ा एजुकेशन लोन लेना पड़ता है. इसकी अदायगी में कई साल लग जाते हैं, लेकिन IIM कलकत्ता की पूर्व छात्रा अवनि राठौड़ ने महज दो साल में 30 लाख रुपये का एजुकेशन लोन चुका दिया.
उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी कर्ज चुकाने की रणनीति साझा की है. अवनि ने बताया कि उन्होंने चार अलग-अलग स्रोतों से पैसे जुटाकर अपना पूरा कर्ज खत्म किया. इनमें MBA से पहले की बचत, इंटर्नशिप से मिली रकम, पार्ट-टाइम नौकरी और MBA के बाद मिलने वाली सैलरी शामिल थी.
इन चार स्रोतों से जुटाए पैसे
नौकरी के दौरान की बचत
IIM कलकत्ता में दाखिला लेने से पहले अवनि ने दो साल तक नौकरी की थी. इस दौरान उन्होंने कुछ बचत की थी. उन्होंने इस रकम का इस्तेमाल अपनी पढ़ाई और एजुकेशन लोन चुकाने के लिए किया. हालांकि, उन्होंने म्यूचुअल फंड और PPF जैसे निवेश को नहीं छुआ.
Also Read
BCG की इंटर्नशिप
MBA के दौरान अवनि ने Boston Consulting Group (BCG) में समर इंटर्नशिप की. इस इंटर्नशिप से उन्हें अच्छा स्टाइपेंड मिला, जिसका एक हिस्सा उन्होंने एजुकेशन लोन चुकाने के लिए बचाकर रखा.
पार्ट-टाइम नौकरी
MBA के दूसरे साल में उन्होंने पार्ट-टाइम काम भी किया. उन्हें पहले ही प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) मिल चुका था, इसलिए पढ़ाई के साथ अतिरिक्त काम करके कमाई करने का अवसर मिला. इससे कर्ज चुकाने के लिए और पैसे जुटे.
MBA के बाद की सैलरी
नौकरी शुरू करने के बाद अवनि ने अपनी सैलरी का बड़ा हिस्सा लोन चुकाने में लगाया. उन्होंने बताया कि उन पर किसी की आर्थिक जिम्मेदारी नहीं थी. इसलिए वह अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा कर्ज खत्म करने के लिए इस्तेमाल कर सकीं.
जल्दी लोन चुकाना क्यों चुना?
अवनि ने माना कि आर्थिक नजरिए से एजुकेशन लोन को समय से पहले चुकाना हमेशा सबसे अच्छा फैसला नहीं होता. उनके मुताबिक, एजुकेशन लोन बिना किसी गारंटी के कम ब्याज दर पर मिल सकता है. ऐसे में न्यूनतम EMI चुकाकर बाकी पैसे को कहीं और निवेश करने पर बेहतर रिटर्न मिलने की संभावना हो सकती है.
हालांकि, अवनि की प्राथमिकता अलग थी. उन्होंने बताया कि वह नौकरी छोड़कर कुछ नया शुरू करना चाहती थीं. ऐसे में वह किसी भी तरह के कर्ज के बोझ के बिना अपने करियर में आगे बढ़ना चाहती थीं. उनका मानना था कि कर्ज मुक्त होने से उन्हें भविष्य में नए जोखिम उठाने की ज्यादा आजादी मिलेगी.
सोशल मीडिया पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया
अवनि की कहानी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी तारीफ की. कुछ यूजर्स ने इसे समझदारी भरा फैसला बताया, खासकर इसलिए क्योंकि वह नौकरी छोड़कर नया काम शुरू करना चाहती थीं.
हालांकि, कुछ लोगों ने जल्दी कर्ज चुकाने की रणनीति पर सवाल भी उठाए. उनका कहना था कि अगर एजुकेशन लोन की ब्याज दर कम है, तो उसे जल्द खत्म करने के बजाय लंबी अवधि में चुकाकर बची रकम शेयर बाजार में निवेश की जा सकती है.