रघुराम राजन ने Nvidia पर उठाए सवाल, AI में खरबों डॉलर के निवेश को लेकर दी चेतावनी

RBI के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने Nvidia के कॉरपोरेट गवर्नेंस पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने AI इंफ्रास्ट्रक्चर में भारी निवेश, कर्ज और साइबर हमलों से जुड़े जोखिमों को लेकर चेताया.

@IndianTechGuide
Sagar Bhardwaj

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी Nvidia के कॉरपोरेट गवर्नेंस को लेकर चिंता जताई है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के प्रमुख जेनसन हुआंग की अचानक वापसी के बाद राजन ने सवाल उठाया कि उनके नेतृत्व में कंपनी में जवाबदेही और निगरानी की व्यवस्था कितनी मजबूत होगी.

शिकागो यूनिवर्सिटी के बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस में फाइनेंस के प्रोफेसर राजन ने यह भी सवाल किया कि अमेरिका सरकार की भूमिका के बाद हुआंग की वापसी हुई है और क्या उनके फैसलों पर पर्याप्त नियंत्रण रहेगा. उन्होंने यह चिंता भी जताई कि कंपनी में किसी गड़बड़ी की स्थिति में क्या उसकी निष्पक्ष जांच हो पाएगी.

AI में खरबों डॉलर के निवेश पर चिंता

राजन के मुताबिक, AI के लिए कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में खरबों डॉलर खर्च किए जा रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस भारी निवेश से इतनी कमाई हो पाएगी कि खर्च और कर्ज की भरपाई की जा सके. उन्होंने 2008 के वैश्विक वित्तीय संकट के दौरान अमेरिकी कंपनी AIG का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ लोग Nvidia को ऐसे कारोबार के केंद्र में देखते हैं, जिसके कई कंपनियों के साथ बड़े अनुबंध हैं और जो AI तेजी को बनाए रखने में मदद कर रही है.


AI में तेजी को बताया जोखिम भरा

राजन ने फिलहाल इसे बड़ा प्रणालीगत जोखिम नहीं बताया, लेकिन कहा कि निवेश का आकार बढ़ने के साथ खतरा भी बढ़ सकता है. उन्होंने AI तेजी को सीधे बुलबुला कहने से परहेज किया, लेकिन इसे जरूरत से ज्यादा आशावाद का नतीजा बताया. उन्होंने चेतावनी दी कि किसी बड़े साइबर हमले जैसी सुरक्षा संबंधी घटना से AI की मांग में अचानक गिरावट आ सकती है.