कक्षा 12 के छात्र वेदांत श्रीवास्तव और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के बीच रीचेकिंग को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में है. सीबीएसई ने हाल ही में वेदांत के उन दावों को खारिज कर दिया, जिनमें उन्होंने पुनर्मूल्यांकन के बाद अंकों में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं होने की बात कही थी. बोर्ड का कहना है कि छात्र द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी तथ्यात्मक रूप से गलत है, जबकि वेदांत अपने आरोपों पर कायम हैं.
सीबीएसई ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि वेदांत श्रीवास्तव द्वारा पुनर्मूल्यांकन परिणामों को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए दावे वास्तविक तथ्यों से मेल नहीं खाते. बोर्ड के अनुसार, छात्र ने कहा था कि उसके दो विषयों में केवल एक-एक अंक बढ़े और भौतिकी में कोई बदलाव नहीं हुआ. हालांकि बोर्ड का दावा है कि पुनर्मूल्यांकन के बाद भौतिकी विषय में उसके अंक नौ बढ़े थे. सीबीएसई ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए कहा कि छात्रों और अभिभावकों के बीच गलत जानकारी फैलाना उचित नहीं है.
सीबीएसई के बयान के बाद वेदांत श्रीवास्तव ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो साझा कर अपनी बात दोहराई. उन्होंने कहा कि उन्होंने विभिन्न विषयों के 11 प्रश्नों के पुनर्मूल्यांकन की मांग की थी. उनके अनुसार अंतिम परिणाम में कुल दो अंकों की ही वृद्धि हुई. वेदांत का कहना है कि गणित और कंप्यूटर साइंस में एक-एक अंक बढ़ा, जबकि भौतिकी में उन्हें कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मिला. छात्र का दावा है कि जिन उत्तर पुस्तिकाओं में अंक बढ़े वे मूल रूप से उनकी नहीं थीं.
Just to inform
— VEDANT (@VEDANTSHRIV17) June 28, 2026
Got my re-evaluation result. pic.twitter.com/gXguhDNDud
यह विवाद पहली बार मई में सामने आया था, जब वेदांत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर आरोप लगाया था कि उनकी भौतिकी की उत्तर पुस्तिका किसी अन्य छात्र की कॉपी से बदल दी गई. इस दावे ने इंटरनेट पर व्यापक चर्चा छेड़ दी थी और मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर कई सवाल उठे थे. मामले ने तेजी से ध्यान आकर्षित किया और सीबीएसई की उत्तर पुस्तिका जांच प्रणाली पर बहस शुरू हो गई. इसके बाद छात्र ने पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन की प्रक्रिया का सहारा लिया.
How is this a blatant lie ,the 9 marks increase in physics does not happen after the opening of re-evaluation portal and if the answer sheet of physics was not mine how the marks given on that answer sheet were my marks https://t.co/qM0b2QeYH9
— VEDANT (@VEDANTSHRIV17) June 28, 2026
सीबीएसई ने बताया कि कक्षा 12 के परिणाम घोषित होने के बाद प्राप्त पुनर्मूल्यांकन आवेदनों में से लगभग 99.7 प्रतिशत मामलों का निपटारा किया जा चुका है. बोर्ड के अनुसार शेष आवेदन अंतिम चरण में हैं और उनके परिणाम जल्द घोषित किए जाएंगे. इससे पहले 21 जून को सीबीएसई ने जानकारी दी थी कि 87 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निस्तारण हो चुका है और बाकी परिणाम चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाएंगे. बोर्ड ने छात्रों को आश्वस्त किया है कि पूरी प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी.