menu-icon
India Daily

मुंबई में बारिश का तांडव, कई इलाकों में जलभराव; 2 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी

मुंबई में रविवार रात से सोमवार सुबह तक भारी बारिश हुई. इससे शहर के कई इलाकों में पानी भर गया. नवी मुंबई और ठाणे में भी बारिश का असर दिखा.

Shilpa Shrivastava
मुंबई में बारिश का तांडव, कई इलाकों में जलभराव; 2 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी
Courtesy: AI Generated

नई दिल्ली: मुंबई में रविवार रात से सोमवार सुबह तक भारी बारिश हुई. इससे शहर के कई इलाकों में पानी भर गया. नवी मुंबई और ठाणे में भी बारिश का असर दिखा. सुबह का मौसम पूरी तरह गीला रहा. दक्षिण मुंबई के मरीन लाइंस, प्रभादेवी, बायचुंगा और लालबाग इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हुई. पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों में अंधेरी, मालाड, जोहेश्वरी, मुलुंड, कांजुरमार्ग और कुरला में भी तेज बारिश हुई. इससे कई निचले इलाकों में पानी भर गया. 

मरीन ड्राइव से ली गई तस्वीरों में तेज लहरें दीवार से टकराती दिख रही थीं. मुंबई कोस्टल रोड पर भी बारिश के कारण सड़कें गीली थीं और विजिबिलिटी कम हो गई थी. आप नीचे मरीन ड्राइव का नजारा देख सकते हैं.

ट्रैफिक पर असर: 

विले पार्ले फ्लाईओवर पर सुबह के समय मध्यम बारिश और धीमी गति से ट्रैफिक चलता दिखा. अंधेरी सबवे में पानी भर गया था. रात 3:30 बजे के आसपास ली गई तस्वीरों में सड़क पर पानी जमा दिख रहा था. मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने रात में अंधेरी और मालाड सबवे को बंद कर दिया था. लेकिन सुबह 8 बजे के आसपास दोनों सबवे फिर से खोल दिए गए और ट्रैफिक सामान्य हो गया.

मुंबई: भारी बारिश के कारण अंधेरी सबवे में भारी जलभराव हो गया है… देखें वीडियो…

नवी मुंबई और ठाणे का हाल: 

नवी मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश के बाद पानी भर गया. वाशी इलाके में सड़कें पानी में डूबी दिखीं. भिवंडी में एक घंटे तक भारी बारिश हुई, जिससे सड़कें, बाजार और घरों के आसपास पानी भर गया. बता दें कि पानी भरने के कारण मुंबई पुलिस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि मलाड सबवे (दिंडोशी) पर ट्रैफिक की आवाजाही बंद है.

मौसम विभाग का अलर्ट: 

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 29 जून से 2 जुलाई तक मुंबई और ठाणे में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है. इन चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है.