menu-icon
India Daily

जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्रभावी, पारदर्शी और तय समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
Courtesy: X (@CMOfficeUP)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं. इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए. जिससे आम लोगों को सरकारी व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत हो.

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जनपदों से बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासनिक समस्याएं लेकर पहुंचे. मुख्यमंत्री ने एक-एक नागरिक से संवाद कर उनकी शिकायतों और मांगों की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.

समस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान किया जाए.

साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता को कार्रवाई की पूरी जानकारी समय-समय पर मिलती रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि उसका संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है. इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जरूरत पड़ने पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करें.

जनसुनवाई को सुशासन का प्रभावी माध्यम मानती है सरकार

उत्तर प्रदेश सरकार जनता दर्शन कार्यक्रम को आम नागरिकों और शासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम मानती है. इस व्यवस्था के तहत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लोग सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकते हैं. इससे न केवल शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया तेज होती है, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही भी मजबूत होती है. सरकार का मानना है कि आम नागरिकों की समस्याओं को शीर्ष स्तर पर सुनने और उनके समाधान के लिए सीधे निर्देश जारी करने से शासन व्यवस्था अधिक संवेदनशील और प्रभावी बनती है. यही कारण है कि जनता दर्शन कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किया जाता है.