ट्विशा शर्मा मामले में CBI का एक्शन तेज, 80 किलो का डमी से रीक्रिएट हुआ क्राइम सीन

ट्विशा शर्मा मामले में सीबीआई की जांच तेज हो गई है. जांच एजेंसी ने आरोपी गिरिबाल सिंह और समर्थ सिंह के सामने 80 किलो की डमी के जरिए क्राइम सीन को रीक्रिएट किया है.

ANI
Shanu Sharma

नोएडा की ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में CBI ने अपनी जांच तेज कर दी है. जांच एजेंसी ने भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ट्विशा के ससुराल में हुई घटना को रिक्रिएट करके आखिरी पलों की सच्चाई को जानने की कोशिश की. इसके लिए CBI द्वारा फंदा, बेल्ट और 80 किलो वजनी डमी का इस्तेमाल किया गया.

CBI की टीम अकेले नहीं बल्कि ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाल सिंह के साथ क्राइम सीन पर पहुंची. इसके बाद पूछताछ के दौरान समर्थ सिंह द्वारा दिए गए जवाबों का मिलान किया गया. समर्थ ने बताया था कि उन्होंने ट्विशा को फंदे से नीचे उतारा था, जबकि उनकी मां गिरिबाल सिंह ने गले से गांठ खोली थी. 

CBI की जांच जारी

सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक एजेंसी आधुनिक टनल व्यू पद्धति का उपयोग करके ट्विशा की मौत से पहले की हर गतिविधि, मुलाकातों और डिजिटल फुटप्रिंट की मिनट-टू-मिनट टाइमलाइन तैयार कर रही है. बता दें कि गिरिबाला सिंह को CBI ने गुरुवार को गिरफ्तार किया था. यह कार्रवाई मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा उनकी अग्रिम जमानत रद्द करने और भोपाल सत्र अदालत की राहत खारिज होने के एक दिन बाद हुई. समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह दोनों फिलहाल 2 जून तक CBI की हिरासत में रहेंगे. ट्विशा शर्मा और समर्थ सिंह की मुलाकात दिसंबर 2024 में एक डेटिंग ऐप पर हुई थी. दोनों ने 2025 में शादी कर ली. शादी के मात्र पांच महीने बाद 12 मई को ट्विशा अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं. 

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला तब सुर्खियों में आया जब ट्विशा के माता-पिता ने ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था. अदालत की आदेश पर ट्विशाका दोबारा पोस्टमार्टम किया गया था. ट्विशा के कुछ सोशल मीडिया चैट्स भी सामने आ्रए थे, जिसमें वह अपने परिवार और दोस्तों को यह बता रही थी कि ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते हैं. उसने अपनी मां को बताया था कि उसका पति समर्थ उसके बच्चे को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है, जिसकी वजह से उसे गर्भपात कराना पड़ा. इसके अलावा भी और कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. हालांकि जांच एजेंसी हर एक पहलू से मामले की जांच कर रही है.