PM मोदी पर टिप्पणी के बाद भारत के तेवर तल्ख; सफाई देने के लिए विदेश मंत्रालय पहुंचे मालदीव के राजदूत

मालदीव के दूत के विदेश मंत्रालय के कार्यालय के दौरे के एक दिन बाद मालदीव ने अपने मंत्रियों मालशा शरीफ, मरियम शिउना और अब्दुल्ला महजूम माजिद से दूरी बना ली है.

Naresh Chaudhary

Boycott Maldives: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लक्षद्वीप यात्रा को लेकर मालदीव के मंत्रियों की टिप्पणियों पर विवाद गहराता जा रहा है. हालांकि मालदीव के राष्ट्रपति ने अपनी सरकार के तीनों मंत्रियों को निलंबित कर दिया है. इसी बीच भारत ने सोमवार को मालदीव के उच्चायुक्त इब्राहिम शाहीब को तलब किया. सोशल मीडिया पर मौजूद फोटो में मालदीव के दूत को दिल्ली में विदेश मंत्रालय के दक्षिणी ब्लॉक तक पहुंचते और बाद में निकलते हुए देखे गए हैं. इसके बाद कथित तौर पर दोनों देशों के बीच चल रहे विवाद पर लंबी चर्चा हुई.

मालदीव सरकार ने अपने मंत्रियों की टिप्पणी से झाड़ा पल्ला

जानकारी के मुताबिक, मालदीव के दूत के विदेश मंत्रालय के कार्यालय के दौरे के एक दिन बाद मालदीव ने अपने मंत्रियों मालशा शरीफ, मरियम शिउना और अब्दुल्ला महजूम माजिद से दूरी बना ली है. सरकार की ओर से कहा गया है कि ये टिप्पणियां उनकी व्यक्तिगत हैं. मालदीव सरकार का इससे कोई लेनादेना नहीं है. 

भारत में बड़े स्तर पर है आक्रोश, ट्रेंड हुआ #BoycottMaldives

बता दें कि मालदीव की ओर से आई टिप्पणी के बाद भारत में बड़े स्तर पर आक्रोश है. देश में बॉलीवुड और खेल की कई दिग्गज हस्तियों ने सोशल मीडिया पर #BoycottMaldives अभियान चला दिया है. इनके अलावा कई सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर ने भी एक्स इसको लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं. साथ ही कहा है कि भारत में ऐसे बीच खोजें और वहां घूमने के लिए जाएं.