WPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात को दी मात, चौथी बार फाइनल में बनाई जगह; अब RCB से होगी टक्कर
वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने फाइनल में जगह बना ली है और गुजरात जायंट्स टूर्नामेंट से बाहर हो गया.
वडोदरा: वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला खेला गया, जो वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स के बीच हुआ. इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने फाइनल में जगह बना ली है और गुजरात जायंट्स टूर्नामेंट से बाहर हो गया.
गुजरात जायंट्स की खराब शुरूआत
दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को शुरुआती ओवरों में ही बड़े झटके लगे. महज 9 रन के स्कोर पर गुजरात ने अपना पहला विकेट गंवा दिया. इसके बाद 38 रन के कुल स्कोर पर टीम को दो और झटके लगे. छठे ओवर में लगातार दो गेंदों पर दो बल्लेबाज आउट हो गए. शुरुआती विकेट गिरने से गुजरात की टीम दबाव में नजर आई और रन बनाने की रफ्तार भी धीमी हो गई.
बेथ मूनी की शानदार पारी
हालांकि, एक छोर से बेथ मूनी ने शानदार संयम दिखाया और टीम की पारी को संभाले रखा. वह ओपनिंग करने आई थी और अंत तक क्रीज पर डटी रही. बेथ मूनी ने 51 गेंदों पर नाबाद 62 रन बनाए, जिसमें कई शानदार शॉट्स शामिल थे. उनके अलावा जॉर्जिया वेयरहम ने भी अहम भूमिका निभाई और 25 गेंदों पर 35 रन की तेज पारी खेली. मिडिल ऑर्डर में अनुष्का शर्मा ने 16 रन और काशवी गौतम ने 18 रनों का योगदान देकर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया.
दिल्ली कैपिटल्स की मजबूत शुरूआत
इन सभी बल्लेबाजों के योगदान की बदौलत गुजरात जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 168 रन बनाए. वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को तेज और मजबूत शुरूआत मिली. सलामी बल्लेबाज लिजेल ली और शैफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 89 रन जोड़ दिए.
लिजेल ली ने 24 गेंदों पर 43 रन और शैफाली वर्मा ने 21 गेंदों पर 31 रनों की आक्रमक पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने टीम की जीत की मजबूत नींव रखी. इसके अलावा लौरा वोल्वार्ड्ट ने 24 गेंदों पर 32 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि कप्तान जेमिमाह रोड्रिग्स ने 41 रनों का योगदान दिया. दिल्ली के सामने गुजराज के गेंदबाज बेबस नजर आए.
और पढ़ें
- रिंग में ड्रामा, फाइट के बीच लगातार पड़े पंच तो बॉक्सर की उखड़ी विग; मां के शैम्पू को लेकर बोल दी ये बड़ी बात
- बॉयकॉट विवाद में पाकिस्तान बुरी तरह फंसा, ICC ने PCB को टी20 वर्ल्ड कप को लेकर दे दिया आखिरी अल्टीमेटम
- 'पाकिस्तान की एक पीढ़ी बर्बाद हो जाएगी...', बॉयकॉट विवाद पर कपिल देव ने PCB को जमकर धोया