menu-icon
India Daily

'बंगाल में बम कल्चर का राज...सीएम महिलाओं से कहती हैं कि रेप हो सकता है', निर्मला सीतारमण का टीएमसी पर जोरदार हमला

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और रेप और यौन उत्पीड़न की अन्य घटनाओं को लेकर ममता सरकार की तीखी आलोचना की.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'बंगाल में बम कल्चर का राज...सीएम महिलाओं से कहती हैं कि रेप हो सकता है', निर्मला सीतारमण का टीएमसी पर जोरदार हमला
Courtesy: pinterest

केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को लोकसभा में पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार पर जोरदार हमला बोला. टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी की जीएसटी पर टिप्पणियों का खंडन करते हुए वित्त मंत्री ने आरोप लगाया कि बंगाल सरकार कानून व्यवस्था, ईंधन की ऊंची कीमतों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों से निपटने में असंवेदनशील है.

मृत्यु के बाद अगरबत्ती जलाने के लिए भी GST

यूनियन बजट पर बहस के दौरान अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सीतारमण ने बनर्जी के उस दावे पर आपत्ति जताई कि मृत्यु के बाद अगरबत्ती जलाने के लिए भी जीएसटी लागू होता है. इस पर सीतारमण ने कहा कि बंगाल में मृत्यु के बाद जीएसटी जैसी बात कहना बहुत दुखद है और आगे कहा कि शायद मृत्यु के बाद पैसे काटना राज्य में एक चलन है.

राज्य में पेट्रोल 10 रुपए महंगा क्यों है

उन्होंने ईंधन की कीमतों को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, 'अगर आप आम आदमी से बोझ कम करना चाहते हैं तो राज्य में पेट्रोल 10 रुपए महंगा क्यों है.' उन्होंने आरजी कर रेप केस और यौन हिंसा के अन्य मामलों को लेकर भी ममता सरकार पर सवाल उठाए.

मुख्यमंत्री कहती है कि रेप का खतरा है

सीतारमण ने कहा, 'यह कितना हास्यास्पद है कि एक महिला मुख्यमंत्री महिलाओं को सलाह दे रही है कि वे रात को घर से बाहर ना निकलें वरना उनके रेप का खतरा है.' उन्होंने कहा कि बंगाल कानून व्यवस्था पर नहीं बल्कि बम कल्चर पर चल रहा है. सीतारमण ने बजट में डंकुनी के उल्लेख को लेकर भी बंगाल के नेताओं की आलोचना का जवाब दिया और कहा कि केंद्र द्वारा प्रस्तावित माल ढुलाई गलियारा एक नई पहल है.

हर बात का श्रेय खुद लेने की कोशिश न करें

उन्होंने कहा, 'हमने इस बजट में डंकुनी का जिक्र इसलिए किया है कि क्योंकि हम डंकुनी से सूरत तक एक पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर बनाना चाहते हैं. बंगाल के नेता इससे इतने नाराज हैं कि उनका कहना है कि जब ममता बनर्जी रेल मंत्री थीं तब उन्होंने इसकी घोषणा की थी और हम कुछ नया नहीं कर रहे हैं...यह बिल्कुल झूठ है.'

वित्त मंत्री ने कहा, 'मैंने डंकुनी से लेकर सूरत के लिए कॉरिडोर की घोषणा की है. ममता बनर्जी ने डंकुनी होते हुए लुधियाना से कोलकाता के लिए कुछ घोषित किया था. इसलिए कुछ भी फिट नहीं बैठता. मैंने जो घोषणा की वह नई है. इसलिए हर बात का श्रेय खुद लेने की कोशिश न करें.'