menu-icon
India Daily

'कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए', वंदे मातरम पर मचा बवाल; CM सुवेंदु अधिकारी बोले पूरा बंगाल नाराज है

स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के गायन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने सोनिया गांधी और कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए', वंदे मातरम पर मचा बवाल; CM सुवेंदु अधिकारी बोले पूरा बंगाल नाराज है
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के गायन को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने कांग्रेस और सोनिया गांधी से कथित घटना को लेकर माफी मांगने की मांग की है. 

अधिकारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के पूरे संस्करण के गायन पर आपत्ति जताई गई, जिसे उन्होंने राष्ट्रवाद और वंदे मातरम के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का अपमान बताया.

क्या है पूरा विवाद?

15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम का गायन हुआ. इसी दौरान सामने आए एक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया. वीडियो में सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से बातचीत करती दिखाई दे रही हैं. इसके बाद दोनों की ओर से कथित तौर पर गीत को रोकने का इशारा करते हुए हाथ हिलाने की बात कही जा रही है.

हालांकि कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज किया है. पार्टी का कहना है कि वंदे मातरम के पूरे संस्करण को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी. कांग्रेस के मुताबिक, सोनिया गांधी खरगे के लिए कुर्सी की व्यवस्था करने को कह रही थीं.

सुवेंदु अधिकारी ने मांगी माफी

सुवेंदु अधिकारी ने इस मामले पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि वंदे मातरम देश के राष्ट्रवाद, देशभक्ति और राष्ट्रीय पहचान से गहराई से जुड़ा है. उन्होंने दावा किया कि इस घटना से पश्चिम बंगाल के लोगों में नाराजगी है. अधिकारी ने कांग्रेस पर एक खास वोट बैंक को खुश करने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप भी लगाया.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस या सोनिया गांधी की ओर से इस मामले पर अब तक उचित जवाब या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है. अधिकारी ने कांग्रेस से जनता और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय से माफी मांगने की मांग की.

बंकिम चंद्र के वंशज ने भी जताई नाराजगी

इस विवाद में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के सीधे वंशज और बीजेपी विधायक सुमित्रो चटर्जी ने भी कांग्रेस पर सवाल उठाए. उन्होंने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कथित घटना पर दुख और नाराजगी जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यक्रम में वंदे मातरम के पूरे संस्करण के गायन को लेकर असहजता दिखाई गई और इसे रोकने की कोशिश की गई.

चटर्जी ने इसे ऐतिहासिक गलती की दोबारा पुनरावृत्ति बताते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत में पूरे गीत को लेकर किसी भी तरह की अनिच्छा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का अपमान है.