menu-icon
India Daily

राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव जीतने वाले सांसदों का इस्तीफा, क्या MP ही बनेगा मुख्यमंत्री?

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक के बाद ये फैसला लिया गया. सांसदी से इस्तीफा देने वालों में मध्य प्रदेश से नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, उदय प्रताप और रीति पाठक हैं.

Om Pratap
Edited By: Om Pratap
राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव जीतने वाले सांसदों का इस्तीफा, क्या MP ही बनेगा मुख्यमंत्री?

हाइलाइट्स

  • केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल का भी इस्तीफा
  • छत्तीसगढ़ के दो सांसदों ने भी सांसदी पद से दिया इस्तीफा

BJP MPs Who won State Assembly elections resign: राज्य विधानसभा चुनाव जीतने वाले सभी 10 भाजपा सांसदों ने संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. ऐसे में ये संकेत है कि इन नवनिर्वाचित सांसदों में से ही किसी को राजस्थान, मध्य प्रदेश या फिर छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री या फिर उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक के बाद ये फैसला लिया गया. सांसदी से इस्तीफा देने वालों में मध्य प्रदेश से नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, उदय प्रताप और रीति पाठक हैं, जबकि राजस्थान से राज्यवर्धन सिंह राठौड़, दीया कुमारी और किरोड़ी लाल मीना हैं.

वहीं, छत्तीसगढ़ के अरुण साव और गोमती साई ने भी अपने संसद पद से इस्तीफा दिया है. ये सभी राज्य विधानसभा चुनाव में निर्वाचित हुए हैं. बता दें कि विधानसभा चुनाव जीतने वाले सांसद बाबा बालकनाथ (राजस्थान) और रेणुका सिंह (छत्तीसगढ़) ने अभी तक अपना इस्तीफा नहीं दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, विधानसभा चुनाव लड़ने वाले बीजेपी नेता प्रह्लाद सिंह पटेल और नरेंद्र सिंह तोमर आज केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देंगे. वे अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री को भेजेंगे.

5 राज्यों में भाजपा ने 21 सासंदों को दिया था टिकट

पिछले महीने पांच राज्यों (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम) में विधानसभा चुनाव हुए थे. विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने विशेष रणनीति अपनाते हुए अपने 21 सासंदों को चुनावी समर में उतारा था. इनमें से तीन केंद्रीय मंत्री थे. विधानसभा चुनाव में 21 में से 12 सांसदों ने अपनी-अपनी सीट पर जीत दर्ज की. सासंदों के विधानसभा चुनाव में जीतने पर उन्हें किसी एक सदन से इस्तीफा देना होता. ऐसे में सभी जीते हुए सांसदों ने संसदीय सीट से इस्तीफा दे दिया.  

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने पांच राज्यों में से तीन में सरकार बनाने जा रही है. भाजपा को मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत मिला है. तीनों राज्यों के लिए फिलहाल मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान नहीं किया गया है. संभावना जताई जा रही है कि इन जीते हुए विधायकों (पहले सांसद) में से ही किसी को मुख्यमंत्री या फिर उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. 

तेलंगाना में कांग्रेस, मिजोरम में जेडपीएम की सरकार

बता दें कि तेलंगाना में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है. यहां कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी को मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है. कांग्रेस विधायक दल की ओर से रेवंत रेड्डी को मुख्यमंत्री मनोनित किया गया है, जो कल यानी गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. वहीं, मिजोरम में जेडपीएम की ओर से लालदुहोमा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.