भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता किरीट सोमैया ने मंगलवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में एक बड़े घोटाले के तहत अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों और रोहिंग्याओं को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं.
सोमैया ने बताया कि गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इन गड़बड़ियों के सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का आदेश दिया है.
पत्रकारों से बातचीत में सोमैया ने कहा, 'इस घोटाले के तहत फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और स्कूल प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं. पिछले छह महीनों में 2.14 लाख बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं ने महाराष्ट्र में जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया है.'
सोमैया ने आरोप लगाया कि इन विदेशी नागरिकों को संदिग्ध परिस्थितियों में कुल 1.13 लाख जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच में पाया गया कि जालना जिले की भोकरदन तहसील में सबसे अधिक आवेदन आए हैं. यहां कुल 7,957 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए.
सोमैया ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का वादा किया है.
(इस खबर को इंडिया डेली लाइव की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)