T20 World Cup 2026

जिम जाने के लिए लड़की ने बुक की बाइक, ड्राइवर ने सुनसान इलाके में ले जाकर छेड़छाड़ के बाद की रेप की कोशिश

कल्याण पश्चिम में जिम जा रही युवती के साथ बाइक टैक्सी चालक ने छेड़छाड़ और रेप की कोशिश की. युवती की चीख सुनकर स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया.

Grok AI
Km Jaya

मुंबई: महाराष्ट्र के कल्याण पश्चिम इलाके से महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. यहां जिम जाने के लिए बाइक टैक्सी बुक करने वाली एक युवती के साथ चालक ने छेड़छाड़ की और रेप की कोशिश की. यह घटना सिंडिकेट इलाके के पास हुई, जहां आरोपी युवती को तय रास्ते से हटाकर सुनसान और अंधेरे इलाके में ले गया. 

पुलिस के अनुसार, युवती ने शाम के समय मोबाइल ऐप के जरिए रैपिडो बाइक टैक्सी बुक की थी. बाइक चालक निर्धारित समय पर पहुंचा और युवती को बैठाकर जिम के लिए निकला. कुछ दूरी तय करने के बाद चालक ने रास्ता बदल दिया और कल्याण पश्चिम स्थित पुलिस लाइन के पास एक सुनसान जगह पर बाइक रोक दी.

लकड़ी ने खुद को कैसे बचाया?

आरोप है कि वहां आरोपी ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और जब उसने विरोध किया तो रेप करने की कोशिश की. खुद को खतरे में देख युवती जोर जोर से चीखने लगी. उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया और गुस्से में उसकी पिटाई कर दी.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया. आरोपी बाइक चालक को हिरासत में ले लिया गया है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और रेप की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले भी ऐसी किसी घटना को अंजाम दिया है या नहीं.

इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक टैक्सी सेवाओं पर सख्त निगरानी की जरूरत है. पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही बाइक टैक्सी कंपनियों से ड्राइवर वेरिफिकेशन प्रक्रिया को और मजबूत करने के निर्देश दिए जा सकते हैं. जिससे इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. इस तरह की घटनाएं आए दिन सामने आ रही हैं जिससे लड़कियों में खासकर डर का माहौल है.