T20 World Cup 2026

पूजा चरित्रवान की होनी चाहिए... मां सरस्वती को लेकर RJD MLA ने दिया विवादित बयान, बिहार में सियासी बवाल तय

फतेह बहादुर सिंह ने आगे कहा कि स्कूलों में देवी सरस्वती की पूजा बिलकुल नहीं होनी चाहिए. उनकी जगह सावित्री बाई फुले की तस्वीर लगाई जानी चाहिए और उनकी पूजा की जानी चाहिए.

Om Pratap

Bihar Dehri RJD MLA Fateh Bahadur Singh controversial statement: बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की राजनीतिक पार्टी राजद के एक विधायक ने विवादित बयान दिया है. राजद विधायक ने देवी सरस्वती के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की है. उनकी टिप्पणी के बाद बिहार में सियासी बवाल मचना तय माना जा रहा है. बता दें कि औरंगाबाद पहुंचे डेहरी से राजद विधायक फतेह बहादुर सिंह ने मां सरस्वती के बारे में आपत्तिजनक बातें कही. 

इससे पहले भी फतेह बहादुर सिंह मां दुर्गा को लेकर विवादित बयान देने के बाद चर्चा में रहे थे. बिहार समेत देशभर में उनके बयान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था. अब एक बार फिर उनके बयान पर बवाल मचना तय माना जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, डिहरी विधायक फतेह बहादुर ने औरंगाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि ग्रंथों में लिखा गया है कि सरस्वती जी, ब्रह्मा जी की बेटी हैं. ग्रंथों में ये भी लिखा है कि ब्रह्मा जी ने सरस्वती जी से शादी भी की. ऐसे में आप खुद ही समझिए... पूजा चरित्रवानों की होना चाहिए.

फतेह बहादुर सिंह ने आगे कहा कि स्कूलों में देवी सरस्वती की पूजा बिलकुल नहीं होनी चाहिए. उनकी जगह सावित्री बाई फुले की तस्वीर लगाई जानी चाहिए और उनकी पूजा की जानी चाहिए. फतेह बहादुर सिंह ने केंद्र सरकार से सावित्री बाई फुले को भारत रत्न देने की भी मांग की.

मां दुर्गा को लेकर भी दे चुके हैं विवादित बयान

बता दें कि इससे पहले भी फतेह बहादुर सिंह ने मां दुर्गा को लेकर विवादित बताया दिया था. उन्होंने कहा था कि हिंदुओं में 33 करोड़ देवी-देवता हैं. इनमें से एक माता दुर्गा हैं. उन्होंने कहा था कि दुर्गा जी को लेकर जो भी अवधारणा या कहानी है, वो बिलकुल गलत है. उन्होंने कहा कि जब मां दुर्गा महिषासुर का वध कर सकती हैं, तो भारत जब गुलाम हुआ तब उन्होंने अंग्रेजों का वध क्यों नहीं किया? उन्होंने कहा था कि देवी दुर्गा की पूजा का विरोध करते हुए नवरात्र में बनने वाले पूजा पंडालों में होने वाले खर्च को फिजुलखर्ची बताया था. 

राजद विधायक और शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने भी दिया था विवादित बयान

ये पहली बार नहीं है जब राजद के विधायक ने विवादित बयान दिया है. इससे पहले इसी साल सितंबर में बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर यादव ने रामचरितमानस को लेकर विवादित बयान दिया था. चंद्रशेखर ने रामचरितमानस की तुलना पोटेशियम साइनाइड से की थी. हिंदी दिवस पर एक कार्यक्रम में उन्होंने ये विवादित बयान दिया था. इससे पहले इसी साल जनवरी में चंद्रशेखर ने मनुस्मृति के बारे में भी विवादित बयान दिया था.