IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

बिभव कुमार की गिरफ्तारी पर तिलमिलाई AAP, जेल भरो आंदोलन शुरू, 10 पॉइंट्स में जानिए क्या-क्या हुआ

शनिवार देर रात तीस हजारी कोर्ट ने बिभव कुमार को 5 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. स्वाति मालीवाल ने उन पर हमले के गंभीर आरोप लगाए हैं.

India Daily Live

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद और विधायक, सीएम के निजी सचिव बिभव कुमार की गिरफ्तारी के खिलाफ जेल भरो आंदलोन करेंगे. वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मुख्यालय तक मार्च करेंगे. 13 मई को सीएम आवास पर पार्टी सांसद स्वाति मालीवाल पर हमले के आरोपी बिभव कुमार को तीस हजारी कोर्ट ने 5 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. 

दिल्ली पुलिस की टीम ने शनिवार को उन्हें मुख्यमंत्री आवास से हिरासत में लिया था. पुलिस को शक था कि वे सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं. स्वाति मालीवाल ने भी कहा था कि वे सबूतों से छेड़छाड़ कर सकते हैं. क्राइम सीन रिक्रिएट करने के लिए दिल्ली पुलिस की टीम, उन्हें घटनास्थल पर दोबारा ले जा सकती है. स्वाति मालीवाल केस में अब तक क्या हुआ है, आइए समझते हैं.

1. AAP का आरोप है कि स्वाति मालीवाल को बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ साजिश का मोहरा बनाया है. उन्हें ब्लैक मेल किया गया है. वे भ्रष्टाचार के आरोप में घिरी हैं, इसलिए दबाव बनाने के लिए मजबूर किया जा रहा है. 

2. आम आदमी पार्टी का कहना है कि सांसद राघव चड्ढा और दिल्ली के मंत्रियों आतिशी और सौरभ भारद्वाज को बीजेपी जेल भेजना चाहती है. वह स्वाति मालीवाल को भी भेजना चाहती थी लेकिन स्वाति ने सरेंडर कर दिया.

3. अरविंद केजरीवाल ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी पर मनीष सिसौदिया, सत्येंद्र जैन और संजय सिंह जैसे AAP नेताओं को जेल भेजने का खेल खेलने का आरोप लगाया. अरविंद केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि बीजेपी कह रही है कि वे आप सांसद राघव चड्ढा को भी भेजेंगे.

4. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है, 'मैं अपने विधायकों और सांसदों के साथ रविवार दोपहर को बीजेपी कार्यालय जाऊंगा ताकि प्रधानमंत्री जिसे चाहें उसे जेल भेज सकें.'

5. बीजेपी ने पलटवार करते हुए आम आदमी पार्टी पर बिभव कुमार का बेशर्मी से बचाव करते हुए पीड़ित को शर्मसार करने और पीड़ित को ही दोषी ठहराने का आरोप लगाया.

6. दिल्ली पुलिस ने कहा है कि मुख्यमंत्री आवास पर सुरक्षाकर्मियों और अन्य कर्मचारियों सहित कम से कम 10 लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जो कथित हमले के समय मौजूद थे. बिभव कुमार सबूतों से छेड़छाड़ कर सकते हैं, इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया है.

7. तीस हजारी कोर्ट में मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गौरव गोयल ने बिभव कुमार को पूछताछ के लिए पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. उन्हें 23 मई को अदालत में पेश किया जाना है.

8. सरकारी वकील अतुल श्रीवास्तव ने बिभव कुमार की हिरासत पर बहस करते हुए कहा कि शिकायतकर्ता एक सार्वजनिक हस्ती और AAP सांसद हैं और उन्हें बेरहमी से पीटा गया और संवेदनशील हिस्सों पर हमला किया गया है.

9. स्वाति के वकील का कहना है कि हमने डीवीआर मांगा, जो एक पेन ड्राइव पर उपलब्ध कराया गया था. फुटेज में कुछ नहीं था. पुलिस को एक आईफोन मिला है, जिसका पासवर्ड आरोपी नहीं बता रहा है. फोन अब फॉर्मेट हो चुका है.

10. स्वाति मालीवाल ने दावा किया है कि AAP ने फोन को फॉर्मेट कर दिया और पूरा वीडियो डिलीट कर दिया. उन्होंने X पर लिखा, 'पहले बिभव ने मुझे बेरहमी से पीटा. उसने मुझे थप्पड़ मारा और लात मारी. मैं किसी तरह वहां से भागी तो 112 पर कॉल किया. उसने वीडियो बनाना शुरू कर दिया. मैं चिल्ला-चिल्ला कर सिक्योरिटी को बता रही थी कि बिभव ने मुझे बेरहमी से पीटा है. वीडियो का वह पूरा लंबा हिस्सा एडिट किया गया था. अभी 50 सेकंड ही बचे थे कि मैं सिक्योरिटी वालों को समझाते-समझाते खीझ गई. अब उन्होंने फोन फॉर्मेट कर दिया और पूरा वीडियो डिलीट कर दिया? सीसीटीवी फुटेज भी गायब! साजिश की भी अपनी सीमा होती है.'