Baryl Vanneihsangi Mizoram Youngest Woman MLA: मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों पर कुल 16 महिलाओं ने चुनाव लड़ा था. इनमें से दो महिलाएं ऐसी थीं, जिन्होंने दो-दो विधानसभा सीटों से किस्मत आजमाई थी. कुल 16 में से तीन महिलाएं ही चुनाव जीतकर विधायक बनी हैं. इनमें से बेरिल वन्नेइहसांगी मिजोरम की सबसे युवा महिला विधायक हैं.
बेरिल वन्नेइहसांगी मिजोरम विधानसभा के लिए निर्वाचित होने वाली सबसे कम उम्र की महिला विधायक हैं. बेरिल ने आइजोल साउथ-III विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था. मिजोरम विधानसभा चुनाव जीतकर सरकार बनाने जा रही जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) ने 32 साल की बेरिल को अपना उम्मीदवार बनाया था.
बेरिल ने आइजोल साउथ-3 से 1 हजार 414 वोटों से चुनाव जीता और पहली बार विधायक चुनी गईं. बेरिल वन्नेइहसांगी ने शिलांग में नॉर्थ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी से आर्ट्स में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है. बेरिल राजनीति में आने से पहले रेडियो जॉकी और टीवी एंकर रह चुकी हैं. वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर काफी लोकप्रिय हैं. इंस्टा पर उनके 252K यानी ढाई लाख से ज्यादा फॉलोवर्स हैं.
नवनिर्वाचित जेडपीएम विधायक बैरिल वन्नेइहसांगी लैंगिक समानता (gender equality) और इस मुद्दे के प्रति अपने समर्थन के बारे में मुखर रही हैं. मंगलवार को बेरिल वन्नेइहसांगी ने शासन प्रणाली में अधिक महिलाओं की भागीदारी के लिए शानदार तर्क दिया. उन्होंने कहा कि किसी महिला के लिए अपनी पसंद का कुछ भी करने और अपने जुनून का पालन करने में जेंडर कोई बाधा नहीं है.
न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए बेरिल ने कहा कि मैं बस सभी महिलाओं को बताना चाहती हूं कि हमारा जेंडर हमें वह सब कुछ करने से नहीं रोकता है जो हम पसंद करते हैं और करना चाहते हैं. ये हमें कुछ ऐसा करने से नहीं रोकता है जिसके बारे में हम भावुक हैं. उन्हें मेरा संदेश है कि चाहे वे किसी भी समुदाय या सामाजिक स्तर से हों, अगर वे कुछ करना चाहते हैं तो उन्हें वो सब करना चाहिए.
बता दें कि मिजोरम विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित किए गए. नतीजों में जेडपीएम को बंपर बहुमत मिला. जेडपीएम के 27 उम्मीदवारों ने चुनाव जाती, जबकि सत्ता में पहले से मौजूद एमएनएफ के केवल 10 प्रत्याशियों ने ही चुनाव जीता. अन्य दो सीटों पर भाजपा, जबकि एक सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी को जीत मिली.