menu-icon
India Daily

अंकिता भंडारी के माता-पिता रिहा, गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने बोला हमला; जानिए क्यों हो रहा बवाल

अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे उनके माता-पिता को गुरुवार तड़के हिरासत में लिया गया, लेकिन करीब एक घंटे बाद छोड़ दिया गया.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
अंकिता भंडारी के माता-पिता रिहा, गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने बोला हमला; जानिए क्यों हो रहा बवाल
Courtesy: @Simpu_SinghIND

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग एक बार फिर राजधानी दिल्ली तक पहुंच गई है. अपनी बेटी को खो चुके माता-पिता गुरुवार तड़के इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई सुबह करीब 4 बजे हुई और लगभग 5 बजे दोनों को छोड़ दिया गया. परिवार की मांग है कि मामले की जांच पूरी होने तक सिक्किम के नए राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम की नियुक्ति पर रोक लगाई जाए.

मां की भूख हड़ताल की चेतावनी, पिता ने क्या कहा?

खबर एजेंसी एएनआई से बातचीत में अंकिता की मां ने कहा कि अगर उन्हें इंडिया गेट पर आंदोलन करने की अनुमति नहीं दी गई, तो वे अपने घर से भूख हड़ताल करेंगी. वहीं, उनके पिता ने कहा कि अगर नियुक्ति वापस नहीं ली गई, तो देशभर के लोग सड़कों पर उतर सकते हैं और इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी. परिवार की इन टिप्पणियों से साफ है कि वे अपनी मांग को लेकर पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं.

रिसॉर्ट में काम करती थीं अंकिता, 2022 में हुई थी हत्या

19 वर्षीय अंकिता ऋषिकेश के वनंतरा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं. उनकी 18 सितंबर 2022 को हत्या हुई थी और 22 सितंबर को उनका शव चिल्ला नहर से बरामद किया गया था. इस मामले में रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, जो बीजेपी के पूर्व नेता विनोद आर्य के बेटे हैं, और दो अन्य आरोपियों को दोषी ठहराया गया था. तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. अब अंकिता के माता-पिता सीबीआई जांच पूरी होने तक नई नियुक्ति पर रोक की मांग कर रहे हैं.

कांग्रेस ने परिवार का समर्थन कर सरकार को घेरा

अंकिता के माता-पिता के प्रदर्शन को कांग्रेस का समर्थन मिला है. पार्टी के कई नेताओं ने इंडिया गेट पर विरोध जताया और आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रही युवतियों को वहां से खींचकर हटाया. बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की थी. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर परिवार के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि कांग्रेस उनके दुख और न्याय की लड़ाई में साथ खड़ी है.