menu-icon
India Daily

गांव में बार-बार गुल हो रही थी बिजली, नाराज युवकों ने पावर सबस्टेशन में लगा दी आग; ऑपरेटर पर किया जानलेवा हमला

अमरावती जिले के वलगांव स्थित बिजली उपकेंद्र में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना ने इलाके को हिलाकर रख दिया. दो अज्ञात युवकों ने बार-बार बिजली गुल होने और अधिकारियों की लापरवाही से नाराज होकर उपकेंद्र में घुसकर हंगामा मचाया.

princy
Edited By: Princy Sharma
गांव में बार-बार गुल हो रही थी बिजली, नाराज युवकों ने पावर सबस्टेशन में लगा दी आग; ऑपरेटर पर किया जानलेवा हमला
Courtesy: X

Amravati Power Substation Fire: अमरावती जिले के वलगांव स्थित बिजली उपकेंद्र में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना ने इलाके को हिलाकर रख दिया. दो अज्ञात युवकों ने बार-बार बिजली गुल होने और अधिकारियों की लापरवाही से नाराज होकर उपकेंद्र में घुसकर हंगामा मचाया. युवकों ने टेबल पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और वहां ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर पर जानलेवा हमला करने की भी कोशिश की. यह घटना स्थानीय लोगों के लिए एक गंभीर चेतावनी बन गई है कि प्रशासन की लापरवाही का परिणाम कितना खतरनाक हो सकता है.

गांव के लोगों ने बताया कि रेवसा गांव में शुक्रवार रात से बिजली सप्लाई पूरी तरह से ठप हो गई थी. कई बार जूनियर इंजीनियर और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर से संपर्क किया गया, लेकिन दोनों के फोन बंद मिले. इसके बाद, ग्रामीणों ने उपकेंद्र का रुख किया, लेकिन वहां भी कोई हल नहीं मिला. अधिकारियों की इस उदासीनता से आक्रोशित होकर कुछ युवकों ने उपकेंद्र में घुसकर आगजनी की घटना को अंजाम दिया.

टेबल पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

इस बीच, जब युवकों ने टेबल पर पेट्रोल डाला और आग लगाई, तो वहां काम कर रहे ऑपरेटर को बचने का मौका तक नहीं मिला. लेकिन, ऑपरेटर किसी तरह बाल-बाल बच गया और बड़ी दुर्घटना टल गई. इस घटना से उपकेंद्र का कामकाज कुछ समय के लिए ठप हो गया और फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो गया. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दोनों युवक टेबल पर पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए नजर आ रहे हैं.

केस किया दर्ज

वहीं, वलगांव पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं में मामला दर्ज किया है. इनमें आगजनी, सरकारी कार्य में बाधा डालना और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही है.

यह घटना प्रशासन की लापरवाही और अधिकारियों की उदासीनता के गंभीर परिणामों को दिखाती है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बिजली संकट का समाधान जल्द से जल्द किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके.