मुंबई: रानी मुखर्जी की नई फिल्म 'मर्दानी 3' बॉक्स ऑफिस पर अपनी जगह बनाने की कोशिश में जुटी हुई है. फिल्म को रिलीज हुए पांच दिन हो चुके हैं और यह काफी चर्चा में है. हालांकि 'बॉर्डर 2' जैसी बड़ी फिल्म से कड़ी टक्कर के बावजूद यह धीरे-धीरे कमाई कर रही है. आइए जानते हैं कि फिल्म ने अब तक कितना कमा लिया है और इसे हिट होने के लिए कितना और कमाना होगा.
फिल्म का कुल बजट रिपोर्ट्स के अनुसार करीब 42 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. इसके अलावा प्रमोशन और पब्लिसिटी पर मेकर्स ने लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. यानी कुल लागत लगभग 52 करोड़ के आसपास मानी जा सकती है. हालांकि कुछ ट्रेड रिपोर्ट्स में बजट 50 करोड़ तक बताया गया है. सैकनिक के अनुसार 'मर्दानी 3' ने भारत में पहले पांच दिनों में इंडिया नेट कलेक्शन करीब 22.25 से 22.35 करोड़ रुपये जमा किया है.
दिन 1 (शुक्रवार): 4 करोड़
दिन 2 (शनिवार): 6.25 करोड़
दिन 3 (रविवार): 7.25 करोड़
दिन 4 (सोमवार): 2.25 करोड़
दिन 5 (मंगलवार): 2.50 करोड़
इससे फिल्म ने अपने प्रोडक्शन बजट का लगभग 53% हिस्सा वसूल कर लिया है. यानी अभी तक करीब आधी लागत रिकवर हो चुकी है. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को हिट कहलवाने के लिए आमतौर पर प्रोडक्शन बजट का 150% यानी डेढ़ गुना कलेक्शन चाहिए होता है. अगर बजट 42 करोड़ माना जाए, तो हिट होने के लिए फिल्म को भारत में कम से कम 63 करोड़ रुपये नेट कमाने होंगे. अगर कुल लागत (प्रमोशन सहित) को ध्यान में रखें, तो यह आंकड़ा थोड़ा और ऊपर जा सकता है.
ट्रेड एक्सपर्ट्स का कहना है कि 'मर्दानी 3' अभी फ्लॉप नहीं मानी जा रही है. यह सेफ जोन में है क्योंकि वीकेंड पर अच्छी कमाई हुई और वीकडे पर भी होल्ड ठीक-ठाक रहा. फिल्म की कहानी ट्रैफिकिंग जैसे गंभीर मुद्दे पर आधारित है और रानी मुखर्जी की परफॉर्मेंस को काफी सराहा जा रहा है. 'मर्दानी' फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म होने के कारण इसमें पहले से फैन बेस है. फिलहाल फिल्म 'बॉर्डर 2' से कॉम्पिटिशन झेल रही है, जो दूसरे हफ्ते में भी दबदबा बनाए हुए है.
आने वाले दिनों में वैलेंटाइन वीक की रिलीज भी इसका असर डाल सकती हैं. अगर फिल्म वर्ड ऑफ माउथ से और मजबूत होती है, तो यह 40-50 करोड़ के पार जा सकती है और एवरेज या फिर प्रॉफिटेबल साबित हो सकती है. कुल मिलाकर 'मर्दानी 3' अभी उम्मीद जगाए हुए है. रानी मुखर्जी की मजबूत एक्टिंग और एक्शन से भरपूर सीक्वेंस इसे आगे बढ़ा सकते हैं.