menu-icon
India Daily

AAP राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक, CM केजरीवाल को ED समन के बीच बैठक के मायने!

आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी. यह बैठक आप प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विपश्यना से वापस लौटने के बाद बुलाई गई है.

Avinash Kumar Singh
AAP राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक, CM केजरीवाल को ED समन के बीच बैठक के मायने!

हाइलाइट्स

  • AAP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक
  • विपश्यना ध्यान केंद्र से लौटे CM केजरीवाल 

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी. यह बैठक आप प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विपश्यना से वापस लौटने के बाद बुलाई गई है. केजरीवाल पंजाब के होशियारपुर में 10 दिनों की विपश्यना साधना के बाद शनिवार को दिल्ली लौट आए. यह बैठक ईडी की ओर से CM केजरीवाल को भेजे गए तीसरे नोटिस के बीच हो रही है. ऐसे में इस बैठक के काफी अहम मायने रहने वाले है. 

विपश्यना ध्यान केंद्र से लौटे CM केजरीवाल 

सीएम केजरीवाल 19 दिसंबर से विपश्यना ध्यान पर थे. होशियारपुर में विपश्यना ध्यान केंद्र से निकलते समय पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के साथ नजर आए. सीएम केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "10 दिनों की विपश्यना साधना के बाद आज लौटे. यह साधना असीम शांति देती है. आज से हम फिर से नई ऊर्जा के साथ जनता की सेवा करना शुरू करेंगे." 

2 समन को दरकिनार कर चुके हैं CM केजरीवाल 

अरविंद केजरीवाल इससे पहले 2 समन को दरकिनार कर चुके हैं और अब तक ईडी के सामने पेश नहीं हुए हैं. सीएम केजरीवाल को सबसे पहले केंद्रीय एजेंसी ने 2 नवंबर को पेश होने के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने यह आरोप लगाते हुए गवाही नहीं दी कि नोटिस अवैध और राजनीति से प्रेरित है. यह नोटिस बीजेपी के आदेश पर भेजा गया है. 

CM केजरीवाल को ED ने फिर भेजा समन

उसके बाद 18 दिसंबर को इस मामले में ईडी ने केजरीवाल को तलब किया था और उन्हें 21 दिसंबर को पूछताछ के लिए केंद्रीय एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा था. उन्होंने पिछली बार की तरह इस बार भी ED के समन गैरकानूनी करार देते हुए केंद्रीय एजेंसी के सामने पेश होने से इंकार कर दिया और विपश्यना केंद्र चले गए. उसके बाद ईडी ने बीते शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को समन जारी किया और उन्हें 3 जनवरी को केंद्रीय एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा है.