Aaj Ka Mausam: 13 जुलाई तक कई राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल; राजस्थान, जम्मू-कश्मीर,और पंजाब सहित देशभर में कैसा रहेगा मौसम?

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक ये पूरा हफ्ता आसान नहीं रहने वाला है. 13 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में 10 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

Pinterest
Reepu Kumari

Weather Update: इन दिनों मानसून अपने चरम पर है, जिसके चलते देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हो रही है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हो रही है. हालात इतने खराब हैं कि हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर बादल फटने से हालात और खराब हो गए हैं. केदारनाथ बद्रीनाथ हाईवे पर भूस्खलन का मलबा गिरने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर राहगीरों के लिए रास्ता खोला गया. हिमाचल प्रदेश के चंबा में बादल फटने से एक महिला बह गई, जो अभी भी लापता है. दक्षिण भारत के इलाकों में भी इन दिनों भारी बारिश हो रही है. पूर्वोत्तर में भी हालात गंभीर हैं. लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं. भारतीय मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है.

गरज के साथ भारी बारिश होगी

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक ये पूरा हफ्ता आसान नहीं रहने वाला है. 13 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में 10 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इनके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में 9 जुलाई तक आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

उत्तर प्रदेश सहित इन राज्यों का हाल 

8-10 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश देखने को मिल सकती है. पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में गंगा के किनारे कम दबाव का क्षेत्र बनता दिख रहा है. इसके चलते 10 जुलाई तक बंगाल, झारखंड, ओडिशा, सिक्किम और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. यहां 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कोंकण और आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना है.

दिल्ली का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली में भारी बारिश हो सकती है. इससे मौसम का तापमान गिरेगा, वहीं लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. पूर्वोत्तर राज्यों से लेकर पश्चिमी तट पर भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

हरियाणा के पास अभी कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. साथ ही पंजाब से विदर्भ तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है, जिसके कारण बड़े क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है.