देश में मौसम का मूड बदलता जा रहा है. गर्मी की वजह से लोग परेशान हो रहे हैं. हालांकि इसी बीच मौसम विभाग की ओर से बारिश के अलर्ट जारी कर दिए गए हैं. IMD की मानें तो पूर्वी और उत्तर भारत के कई राज्यों में बरिश की संभावना है.
IMD की ओर से आज यानी 9 मार्च को जम्मू-कश्मीर, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश की चेतावनी दी गई है. वहीं 10 से 14 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में बारिश या बर्फबारी तक हो सकती है.
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में 10 से 12 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 10 से 14 मार्च तक छिटपुट से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है.
पूर्वी भारत में 9 से 11 मार्च और उत्तर-पूर्वी भारत में 10 से 14 मार्च तक छिटपुट से मध्यम बारिश होने की संभावना है. साथ ही मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी खतरा जताया है. हालांकि कई इलाकों में भीषण गर्मी का दौर शुरु हो चुका है. हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 8-9 मार्च को लू चलने की संभावना है. वहीं महाराष्ट्र के विदर्भ में 8 से 12 मार्च, पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ में 8 से 10 मार्च, उत्तरी गुजरात में 9-10 मार्च और मराठवाड़ा में 10-11 मार्च तक भीषण गर्मी रहने की उम्मीद है.
दिल्ली में 9 मार्च को मौसम सामान्य रहेगा. हालांकि दोपहर में तापमान 2 डिग्री तक बढ़ सकता है. लेकिन 10-12 किमी प्रति घंटे तक हवाएं चलेंगी, जिससे प्रदूषण कम होगा. अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है. यूपी में 9 मार्च को बारिश की कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन कई जिलों में गर्मी बढ़ सकती है.
बिहार में 9 मार्च को मौसम बदल सकता है. पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज जैसे जिलों में बारिश हो सकती है, जिससे तापमान थोड़ा कम होगा. हालांकि जहानाबाद, गया, सीवान, बक्सर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, खगड़िया, बेगूसराय और भागलपुर में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है. पटना में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहेगा. पश्चिम बंगाल में 9 मार्च को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और उत्तर दिनाजपुर में बारिश की चेतावनी है. वहीं 30-40 किमी प्रति घंटा की तेज हवाएं किसानों के लिए मुसीबत खड़ी कर सकती है.