Weather Update: भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. राजस्थान, गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश, बिहार और मेघालय में अत्यधिक भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे जलभराव वाले इलाकों से बचें, स्थानीय मौसम चेतावनियों का पालन करें और आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें.
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है. इन क्षेत्रों में अगले 7 दिनों तक गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है. पश्चिम भारत में अरब सागर के उत्तर-पूर्वी हिस्से में मौसमी कारकों के चलते गुजरात और महाराष्ट्र में मानसून सक्रिय रहेगा. विशेषकर उत्तरी गुजरात में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं.
पूर्वोत्तर भारत में भी भारी बारिश का सिलसिला जारी है. उत्तर बिहार से मणिपुर तक और उत्तर बांग्लादेश में बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवात के कारण मेघालय में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है. इससे बाढ़ की आशंका जताई गई है. पूर्व और मध्य भारत जैसे पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा और मध्य प्रदेश में व्यापक वर्षा की संभावना है. पश्चिम मध्य प्रदेश में सबसे अधिक भारी वर्षा हो सकती है.
दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है. केरल और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर में 31 जुलाई तक बारिश का सिलसिला बना रहेगा. आसमान में बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट की संभावना है.