बंगाल की खाड़ी में तूफान! 23 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, कई राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता बनी हुई है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव और कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण 19 अगस्त को 23 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. प
देश में मानसून की रफ्तार अभी कम होती नजर नहीं आ रही है. बंगाल की खाड़ी में बनी मौसमी हलचल और अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बारिश का दायरा बढ़ गया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है.
IMD के मुताबिक उत्तरी ओडिशा के तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. पश्चिम बंगाल और झारखंड के आसपास भी मौसम प्रणाली बनी हुई है. इसके चलते तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
दिल्ली-NCR में बारिश के साथ तेज हवाओं का असर
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 19 अगस्त को तेज बारिश और आंधी की संभावना है. वहीं उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, और सोनभद्र समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है.
Also Read
बिहार में भी मौसम सक्रिय रहेगा. मौमस विभाग ने पटना, गया, सिवान, भोजपुर और भागलपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. झारखंड में 19 और 20 अगस्त को मौसम खराब रहने की संभावना है. हजारीबाग और पलामू समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी चल सकती है. पश्चिम बंगाल में भी कोलकाता, हावड़ा, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, मालदा और कूचबिहार समेत कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का असर रह सकता है.
इन राज्यों में भी बारिश का दौर
राजस्थान के जयपुर, कोटा, उदयपुर, अलवर, भरतपुर, अजमेर, बीकानेर और जैसलमेर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है. वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, सागर, विदिशा, दमोह, नर्मदापुरम, बैतूल और मंडला समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है. पंजाब के कई जिलों में 19 और 20 अगस्त को भारी बारिश और तेज हवाओं का असर रह सकता है. हरियाणा में भी बारिश और तेज हवाओं के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है.
पहाड़ों में बारिश बढ़ाएगी परेशानी
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. उत्तराखंड के कई पहाड़ी जिलों में लगातार बारिश से भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका है. जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी का अनुमान है. संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति की जानकारी लेकर ही निकलने की सलाह दी गई है.