menu-icon
India Daily

हरिद्वार में अस्थियां विसर्जन कर खुलकर हंसी, जयपुर में पति की हत्या के बाद पत्नी ने किया नाटक! CCTV से खुला राज

जयपुर में महेश मीणा की संदिग्ध मौत के बाद परिवार ने पत्नी कविता और तीन अन्य लोगों पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया है. पुलिस CCTV, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य सबूतों की जांच कर रही है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
हरिद्वार में अस्थियां विसर्जन कर खुलकर हंसी, जयपुर में पति की हत्या के बाद पत्नी ने किया नाटक! CCTV से खुला राज
Courtesy: SOCIAL MEDIA

जयपुर में 27 वर्षीय महेश मीणा की मौत का मामला अब हत्या के शक में बदल गया है. परिवार को पत्नी कविता के बताए घटनाक्रम पर संदेह हुआ तो परिजनों ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले. फुटेज और कुछ कथित वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

दवा लेने निकला था महेश

5 अगस्त को महेश पत्नी कविता के साथ बाइक से दवा लेने निकला था. शाम तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिवार परेशान हो गया. बाद में कविता ने महेश की तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी और परिवार को विश्वकर्मा इलाके की 14 नंबर पुलिया के पास बुलाया. वहां महेश सड़क किनारे बेसुध मिला. उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआत में मौत को सामान्य मानकर मर्ग दर्ज की गई थी.

पिता को कहानी पर हुआ शक

महेश के पिता बाबूलाल मीणा को पत्नी के बयान पर भरोसा नहीं हुआ. उन्होंने परिवार के साथ मिलकर घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी. परिवार का दावा है कि फुटेज में कविता अकेली महेश को बाइक से लाती हुई नहीं दिखी. आरोप है कि दो अन्य बाइक पर तीन युवक भी उनके साथ थे. परिजनों ने इन लोगों की पहचान गणेश, अजय मीणा और गोलू प्रजापत के रूप में की है.

हरिद्वार जाने के बाद बढ़ा संदेह

महेश के अंतिम संस्कार के बाद परिवार ने कविता को भी अस्थियां विसर्जित करने के लिए हरिद्वार भेजा. इसी दौरान परिजन CCTV फुटेज जुटाते रहे. परिवार का आरोप है कि कविता के कथित रूप से गणेश के साथ लंबे समय से संबंध थे और इसी वजह से महेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई. कुछ कथित वीडियो भी पुलिस को सौंपे गए हैं, जिनमें परिवार के मुताबिक कविता की बातचीत और प्रतिक्रिया रिकॉर्ड है.

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

महेश के पिता ने 16 अगस्त को विश्वकर्मा थाने में पत्नी कविता समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. डीसीपी प्रशांत किरण के अनुसार, मामले में CCTV फुटेज सामने आने के बाद संदेह गहरा हुआ. अब पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट, कॉल डिटेल, CCTV तथा कथित वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.