बारिश से ज्यादा आंधी बरपाएगी कहर! इन राज्यों में बिजली गिरने की चेतावनी, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम?
आज 18 मई 2026 को देश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. IMD की ओर से 13 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है. घर से निकलने से पहले एक बार मौसम का हाल जरूर जान लें.
देश में मौसम एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है. IMD की ओर से 13 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि बारिश से ज्यादा लोगों को आंधी और वज्रपात से सावधान रहने की जरूरत है. तेज हवाओं के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती है.
मौसम विभाग की ओर से कई राज्यों में एक बार फिर से आंधी भरी बारिश की चेतावनी दी गई है. हालांकि कुछ राज्यों में अभी भी लू की चेतावनी जारी की गई है. अगर आप भी कहीं जाने का प्लान बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले एक बार मौसम का हाल यहां जान लें.
इन राज्यों में बारिश के अलर्ट
दिल्ली में आज तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी, लेकिन तेज आंधी के कारण लोगों की समस्या बढ़ सकती है. वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है. IMD के मुताबिक कई जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलेंगी. जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता हैं.
बिहार में आज एक बार फिर से मौसम बदलने वाला है. इससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि कुछ जिलों में चलने वाली तेज हवाएं लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर सकती हैं. झारखंड में भी मौसम कुछ ऐसा ही है. कुछ जिलों में तेज बारिश और आंधी के अलर्ट जारी किए गए हैं. पश्चिम बंगाल में भी बारिश का मौसम रहने वाला है. कुल मिलाकर इन सभी राज्यों में बारिश से ज्यादा आंधी के कारण लोगों की समस्या बढ़ सकती है.
पहाड़ों में कैसा रहेगा मौसम?
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और हिमाचल में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, हरिद्वार और ऋषिकेश समेत कई जिलों में तेज आंधी-बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं. ऐसे में धाम पर गए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, चंबा और ऊना जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं मनाली में एक बार फिर से तापमान नीचे जा सकता है.
इन राज्यों में लू की चेतावनी
देश के एक हिस्से में जहां आंधी-बारिश है. वहीं दूसरे हिस्से में गर्मी का कहर जारी है. पंजाब के अमृतसर और बठिंडा समेत कई जिलों में गर्मी का कहर देखने को मिल सकता है. राजस्थान के सीकर, जोधपुर और अलवर समेत कई जिलों में प्रचंड गर्मी के अलर्ट जारी किए गए हैं. अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक जा सकता है. ऐसे में लोगों को अलर्ट रहने की अपील की गई है. मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा और रीवा समेत कई जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है. दोपहर के समय इन जगहों पर लोगों को घर से न निकलने की सलाह दी गई है.