मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. कुछ क्षेत्रों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में अगले छह से सात दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इसके चलते जलभराव, यातायात बाधित होने और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन जैसी घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है. ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और अगले चार से पांच दिनों के दौरान महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और दक्षिण छत्तीसगढ़ के बड़े हिस्सों को कवर कर सकता है. मानसून की प्रगति के साथ इन राज्यों में व्यापक बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने मछुआरों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है. बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के कई हिस्सों में समुद्र की स्थिति प्रतिकूल रहने की संभावना को देखते हुए 19 जून तक समुद्र में न जाने की चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली और एनसीआर में 15 से 17 जून के बीच मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने वाला है. गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, गोंडा, बलिया, मऊ, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. वहीं आगरा, मथुरा, अलीगढ़, इटावा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, कानपुर, झांसी और हमीरपुर सहित पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वानुमान के मुताबिक 18 से 20 जून के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं.
बिहार में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं. पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद समेत कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार पहुंच सकता है. 16 जून को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, अलवर और श्रीगंगानगर में तेज आंधी और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक सामान्य मौसम रहने की संभावना है, हालांकि नैनीताल, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, पौड़ी और टिहरी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. वहीं जम्मू-कश्मीर के जम्मू, श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, पुलवामा, उधमपुर और राजौरी क्षेत्रों में भी छिटपुट बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है.