UP-बिहार समेत दो दर्जन राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, 80 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

देश के कई हिस्सों में मानसून का असर तेज हो गया है. IMD ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत 24 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.

ANI
Shanu Sharma

देश के उत्तर से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर तथा उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने के अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं. इसके चलते ओडिशा, आंध्र प्रदेश समेत आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.

IMD ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, झारखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, असम, नगालैंड, त्रिपुरा और मिजोरम में बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है. कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है.

इन राज्यों में मौसम का हाल

दिल्ली में 10 से 14 सितंबर के बीच मौसम खराब रहने का अनुमान है. आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. उत्तर प्रदेश में नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और उन्नाव समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. कुछ इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.


बिहार के पटना, सिवान, सारण, वैशाली, मधुबनी, अररिया, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है. मध्य प्रदेश में गुना, नर्मदापुरम, इंदौर, भोपाल, देवास, खंडवा, उज्जैन, मुरैना, कटनी, नीमच और श्योपुर समेत कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है. राजस्थान के बूंदी, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, कोटा, बीकानेर और चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना है.

पहाड़ी राज्यों में मौसम का हाल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, किन्नौर, सोलन, कांगड़ा और बिलासपुर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. उत्तराखंड में ऋषिकेश, हरिद्वार, नैनीताल, देहरादून, अल्मोड़ा, चमोली और बागेश्वर में तेज बारिश के साथ आंधी की आशंका है. जम्मू-कश्मीर के पुंछ, बारामूला, सांबा, किश्तवाड़, राजौरी और कठुआ में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

पश्चिम बंगाल के बीरभूम, हावड़ा, दार्जिलिंग, अलीपुरदुआर, कलिम्पोंग, कोलकाता और नादिया में आंधी के साथ बारिश की संभावना है. ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. IMD ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और घर से निकलने से पहले मौसम की स्थिति जांचने की अपील की है.