menu-icon
India Daily

BRICS Summit 2026: बिहार का सत्तू और ओडिशा की कॉफी, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के गुडी बैग में क्या-क्या है खास?

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में विदेशी प्रतिनिधियों और पत्रकारों को खास उपहार बैग दिए जा रहे हैं. इसमें बिहार का सत्तू, मखाना, ओडिशा की कॉफी और गुजरात का स्टोल शामिल है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
BRICS Summit 2026: बिहार का सत्तू और ओडिशा की कॉफी, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के गुडी बैग में क्या-क्या है खास?
Courtesy: X

नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है. इस सम्मेलन में हिस्सा लेने आ रहे स्थानीय और विदेशी पत्रकारों तथा प्रतिनिधियों को भारत की संस्कृति और स्थानीय उत्पादों की झलक दिखाने के लिए एक विशेष गुड्डी बैग दिया जा रहा है.

गुडी बैग में क्या-क्या

एनडीटीवी की पत्रकार सिमरीन गुप्ता द्वारा साझा किए गए अनबॉक्सिंग वीडियो के अनुसार, इस हैम्पर में भारत के विभिन्न हिस्सों से चुने गए नौ विशेष सामान शामिल हैं. इनमें बिहार का प्रोटीन से भरपूर सत्तू और लोकप्रिय मखाना खास आकर्षण हैं. सत्तू को भारत का ऐसा राज बताया गया है, जो जल्द ही दुनिया का नया सुपरफूड बन सकता है.

ओडिशा की खास कॉफी और गुजराती क्राफ्ट

इस विशेष बैग में ओडिशा की आदिवासी पहाड़ियों से लाई गई 100 प्रतिशत अरेबिका स्पेशलिटी कॉफी भी शामिल है. इसके अलावा, गुजरात का खूबसूरत ब्लॉक-प्रिंटेड स्टोल भी दिया गया है, जो बेहद शाही लुक देता है. प्रतिनिधियों के इस्तेमाल के लिए बैग में एक कॉफी मग और टोट बैग भी रखा गया है.

पत्रकारों के लिए स्मार्ट और हाई-टेक बैग

मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए इस गुड्डी बैग में इन-बिल्ट चार्जिंग पोर्ट की सुविधा दी गई है. इससे पत्रकार काम के दौरान अपने गैजेट्स आसानी से चार्ज कर सकेंगे. भारत मंडपम में बने अंतर्राष्ट्रीय मीडिया सेंटर से लगभग 1,200 से 1,300 पत्रकार इस सम्मेलन की कवरेज कर रहे हैं.

विस्तारित ब्रिक्स परिवार की जुटान

इस बार ब्रिक्स समूह में 11 पूर्ण सदस्य (भारत, ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब और यूएई) तथा 10 पार्टनर देश शामिल हैं. भारत इस वैश्विक मंच के जरिए अपनी समृद्ध विरासत और 'वोकल फॉर लोकल' की सोच को दुनिया के सामने प्रदर्शित कर रहा है.