पाकिस्तानी है धुरंधर का ये एक्टर? जहूर मिस्त्री के किरदार पर बताया अपना सच; वीडियो में दिखाई देशभक्ति

धुरंधर फिल्म में निभाए किरदार को लेकर ट्रोलिंग झेल रहे विवेक सिन्हा ने सोशल मीडिया पर आकर साफ किया कि वह भारतीय हैं और किरदार को लेकर गलतफहमी न फैलाएं.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: फिल्मों में निभाए गए किरदार कई बार कलाकारों के लिए मुश्किलें भी खड़ी कर देते हैं. ऐसा ही कुछ हुआ है उभरते हुए एक्टर विवेक सिन्हा के साथ, जिन्होंने अपनी फिल्म धुरंधर में निभाए गए किरदार को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त आलोचना का सामना किया है. हाल ही में विवेक सिन्हा ने सामने आकर इस पूरे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी और साफ शब्दों में कहा कि वह पाकिस्तानी नहीं हैं बल्कि भारत के ही रहने वाले हैं.

धुरंधर फिल्म में विवेक सिन्हा ने जहूर मिस्त्री का किरदार निभाया है. यह किरदार काफी प्रभावशाली और दमदार बताया जा रहा है, लेकिन फिल्म के एक डायलॉग ने विवाद खड़ा कर दिया. जब विवेक ने सोशल मीडिया पर फिल्म का एक डायलॉग शेयर किया, जिसमें कहा गया था कि हिंदू बहुत ही डरपोक कौम है, तो लोगों का गुस्सा भड़क गया. कमेंट सेक्शन में उन्हें लगातार ट्रोल किया जाने लगा. कई यूजर्स ने उन्हें आपत्तिजनक बातें तक कह दीं.

विवके सिन्हा ने अपनी पहचान पर तोड़ी चुप्पी

लगातार हो रही आलोचना के बीच विवेक सिन्हा ने एक वीडियो के जरिए अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि लोग उनके किरदार और असल जिंदगी को एक जैसा समझ रहे हैं, जो गलत है. उन्होंने साफ कहा कि वह बिजनौर के धामपुर के रहने वाले हैं और मुंबई में काम कर रहे हैं. उनका पाकिस्तान से कोई संबंध नहीं है. उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और कई लोगों ने उनका समर्थन भी किया.

देशभक्ति पर कही बड़ी बात

वीडियो में विवेक ने अपने फॉलोअर्स की देशभक्ति की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि लोगों के अंदर देश के लिए जो भावना है, वह काबिले तारीफ है. हालांकि उन्होंने यह भी इशारा किया कि गुस्से में आकर किसी कलाकार को गलत समझना ठीक नहीं है. जहां एक तरफ उन्हें आलोचना झेलनी पड़ी, वहीं दूसरी तरफ कई फैंस ने उनके अभिनय की तारीफ भी की.

एक महिला फैन के कमेंट का जिक्र करते हुए विवेक ने बताया कि उसने कहा कि वह उन्हें गालियां देना चाहती है क्योंकि उन्होंने इतना शानदार अभिनय किया है. इस तरह के रिएक्शन यह दिखाते हैं कि उनका किरदार दर्शकों पर गहरा असर छोड़ने में सफल रहा है.