मुंबई: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर एक्ट्रेस मधु मल्होत्रा का निधन हो गया है. उन्होंने 72 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया. 13 मार्च को मुंबई में उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों के बीच शोक की लहर फैल गई. सोशल मीडिया पर भी कई लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. मधु मल्होत्रा ने अपने करियर में कई फिल्मों में काम किया और अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता.
मधु मल्होत्रा के निधन पर फिल्म मेकर सुभात्र घई ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने एक्ट्रेस को एक बेहद विनम्र और प्रतिभाशाली कलाकार बताया. सुभाष घई ने याद करते हुए कहा कि उन्हें अपनी फिल्म के लिए एक ऐसी उत्तर भारतीय अभिनेत्री की जरूरत थी जिसकी आंखों में चमक हो. सुभाष घई ने कहा कि वह एक्ट्रेस की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं.
मधु मल्होत्रा ने हिंदी सिनेमा में कई यादगार फिल्मों में काम किया. उन्होंने अलग अलग तरह के किरदार निभाकर दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाई. उनकी फेमस फिल्मों में कर्ज, हीरो, रिश्ते कागज का, सत्ते पे सत्ता, विश्वनाथ और कयामत जैसी फिल्में शामिल हैं. इन फिल्मों के जरिए उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. उनके किरदारों को आज भी फिल्म प्रेमी याद करते हैं.
मधु मल्होत्रा का अंतिम संस्कार मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में किया जाएगा. जानकारी के अनुसार उनकी शवयात्रा उनके घर से शाम चार बजे निकलेगी. इससे पहले दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक उनके घर पर लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकेंगे. उनके परिवार और करीबी लोग इस दुख की घड़ी में बेहद भावुक हैं.
मधु मल्होत्रा भले ही अब इस दुनिया में नहीं रहीं लेकिन उनके अभिनय और फिल्में हमेशा दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेंगी. उनकी फिल्मों के किरदार और उनकी सादगी भरी अदाकारी हिंदी सिनेमा के इतिहास में हमेशा याद रखी जाएगी. फैंस और फिल्म जगत के कई लोग सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके योगदान को याद कर रहे हैं.