मुंबई: मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह इन दिनों अपने हरियाणवी गाने ततीरी को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं. इस गाने के बोल और वीडियो को लेकर कई लोगों ने आपत्ति जताई है. आरोप लगाया गया है कि इस गाने में अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया है और विजुअल्स में स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को दिखाया गया है. इसी वजह से कई सामाजिक संगठनों और लोगों ने इसका विरोध किया. मामले को गंभीर मानते हुए Haryana State Commission for Women ने सिंगर को नोटिस जारी किया था.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार महिला आयोग ने बादशाह को पानीपत में आयोग के सामने पेश होने का निर्देश दिया था. उन्हें शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक उपस्थित होने के लिए कहा गया था. हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक सिंगर आयोग के सामने पेश नहीं हुए. इसके बाद आयोग की अध्यक्ष ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया. आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बादशाह का पासपोर्ट जब्त किया जाए ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें.
आयोग की अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पुलिस को निर्देश दिया गया है कि सिंगर को जहां भी हों वहां से गिरफ्तार किया जाए. उन्होंने कहा कि यह मामला हरियाणा की बेटियों के सम्मान से जुड़ा है और गाने में इस्तेमाल की गई भाषा अनुचित है. रिपोर्ट्स के अनुसार इस मामले में पंचकूला और जींद में एफआईआर भी दर्ज की गई हैं. आयोग ने राष्ट्रीय महिला आयोग को भी पत्र लिखकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है.
आयोग की अध्यक्ष ने यह भी कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग से अनुरोध किया है कि देश में बादशाह के किसी भी शो का आयोजन न होने दिया जाए. उनका कहना है कि जब तक इस मामले में जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक इस तरह के कदम उठाने जरूरी हैं. इस बयान के बाद यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है.
दूसरी तरफ बादशाह की ओर से पेश हुए वकील ने अलग दावा किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें आयोग का समन मिला ही नहीं था. वकील ने बताया कि वे सिंगर की ओर से एक अथॉरिटी लेटर लेकर आयोग के सामने पहुंचे थे और पेशी के लिए थोड़ा और समय मांगा था. उनका कहना है कि कानून के अनुसार हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार होता है लेकिन यहां उन्हें यह मौका नहीं दिया गया.