Thug Life OTT Release Date: ओटीटी पर रिलीज होगी फिल्म 'ठग लाइफ', जानें कब और कहां देख सकेंगे कमल हासन की ये फिल्म

'ठग लाइफ' में कमल हासन के साथ सिलंबरासन टीआर, तृषा कृष्णन, ऐश्वर्या लक्ष्मी, अशोक सेल्वन, जोजू जॉर्ज, नासर और अली फजल जैसे सितारे नजर आए हैं. यह फिल्म कमल हासन और मणिरत्नम की जोड़ी की 38 साल बाद वापसी है, जिन्होंने 1987 में 'नायगन' जैसी ऐतिहासिक फिल्म दी थी.

social media
Antima Pal

Thug Life OTT Release Date: कमल हासन की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'ठग लाइफ' 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. अब इस फिल्म को आप घर बैठ देख सकेंगे. जी हां 'ठग लाइफ' ओटीटी पर रिलीज होने वाली है. इस फिल्म का निर्देशन मणिरत्नम ने किया है,  यह फिल्म रेड जायंट मूवीज द्वारा स्टैंडर्ड, IMAX और EPIQ फॉर्मेट में पेश की गई थी. अब फैंस इसके ओटीटी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. खबरों के मुताबिक 'ठग लाइफ' नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी और इसका डिजिटल प्रीमियर जल्द ही होने की उम्मीद है.

ओटीटी पर रिलीज होगी फिल्म 'ठग लाइफ'

'ठग लाइफ' में कमल हासन के साथ सिलंबरासन टीआर, तृषा कृष्णन, ऐश्वर्या लक्ष्मी, अशोक सेल्वन, जोजू जॉर्ज, नासर और अली फजल जैसे सितारे नजर आए हैं. यह फिल्म कमल हासन और मणिरत्नम की जोड़ी की 38 साल बाद वापसी है, जिन्होंने 1987 में 'नायगन' जैसी ऐतिहासिक फिल्म दी थी. इस गैंगस्टर ड्रामा की कहानी रंगराया सख्तिवेल नायकर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दिल्ली के माफिया जगत का एक खूंखार सरगना है. कहानी में विश्वासघात, बदला और पारिवारिक रिश्तों की गहराई को दर्शाया गया है.

फिल्म के डिजिटल राइट्स 149.7 करोड़ रुपये में खरीदे

नेटफ्लिक्स ने फिल्म के डिजिटल राइट्स 149.7 करोड़ रुपये में खरीदे हैं, जो इसे साल की सबसे बड़ी डील्स में से एक बनाता है. शुरू में फिल्म का ओटीटी प्रीमियर थिएट्रिकल रिलीज के 8 हफ्ते बाद यानी अगस्त 2025 में होने की योजना थी. लेकिन मिश्रित समीक्षाओं और बॉक्स ऑफिस पर औसत प्रदर्शन के कारण नेटफ्लिक्स ने इसे जल्द रिलीज करने का फैसला किया है. अब यह फिल्म 3 जुलाई, 2025 से नेटफ्लिक्स पर तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में उपलब्ध होने की संभावना है. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार अगर फिल्म सिनेमाघरों में 5 हफ्ते तक टिकती है, तो यह 10 जुलाई तक भी स्ट्रीम हो सकती है.

कमल हासन और सिलंबरासन की दमदार एक्टिंग की तारीफ

फिल्म की सिनेमैटोग्राफी रवि के. चंद्रन ने की है, जबकि संगीत ए.आर. रहमान का है, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. हालांकि फिल्म को समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, लेकिन कमल हासन और सिलंबरासन की दमदार एक्टिंग की तारीफ हुई. फैंस अब नेटफ्लिक्स पर इस एक्शन से भरपूर ड्रामा को देखने के लिए उत्साहित हैं. 'ठग लाइफ' का ओटीटी रिलीज ग्लोबल दर्शकों को इसकी कहानी और शानदार विजुअल्स का आनंद लेने का मौका देगा.